छोड़कर सामग्री पर जाएँ

तेज बारिश में जलमग्न हुआ सांई सर्विस स्टेशन, अंडरग्राउंड डीजल टैंक में पानी घुसने से लाखों का नुकसान.. देखें Video

file 0000000081a4820b9d860f8f09538f35

रायगढ़, (केलो प्रवाह)। शहर के जूट मिल थाना क्षेत्र के छातामुड़ा बाईपास चौक स्थित इंडियन ऑयल के ‘सांई सर्विस स्टेशन’ परिसर में गुरुवार दोपहर हुई तेज बारिश के कारण भारी जलभराव हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि बारिश का गंदा पानी पेट्रोल पंप के अंडरग्राउंड डीजल टैंक तक जा पहुंचा। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, टैंक में पानी जाने से भारी मात्रा में डीजल खराब हुआ है और संचालक को करीब 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब सवा एक बजे तेज बारिश शुरू हुई जो 30 से 40 मिनट तक झमाझम बरसती रही।

इस दौरान जल निकासी ठप होने के कारण पंप परिसर में तेजी से पानी भरने लगा। कुछ ही देर में जलभराव इतना बढ़ गया कि पानी ने पेट्रोल पंप के भूमिगत हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। अंडरग्राउंड डीजल टैंक में गंदा पानी प्रवेश कर जाने से उसमें मौजूद लाखों रुपये का ईंधन बर्बाद हो गया। इस भारी आर्थिक नुकसान के पीछे मुख्य वजह क्षेत्र की बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था को बताया जा रहा है।पेट्रोल पंप संचालक राजू गुप्ता के अनुसार, संत विनोबा क्षेत्र की ओर जाने वाले नाले का चेंबर लंबे समय से जाम है। बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिससे पूरा पानी वापस पंप परिसर की ओर लौट आता है।

संचालक का कहना है कि उन्होंने नाले के इस जाम चेंबर की जानकारी नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को पहले ही दे दी थी। अधिकारियों की ओर से चेंबर की सफाई के लिए टेंडर जारी करने का आश्वासन जरूर दिया गया, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। नतीजा यह हुआ कि गुरुवार को हुई तेज बारिश का पानी बाहर नहीं निकल सका और सीधा अंडरग्राउंड टैंक में घुस गया। गौरतलब है कि सांई सर्विस स्टेशन नगर निगम कार्यालय से बमुश्किल 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। निगम कार्यालय के इतने करीब जल निकासी का यह हाल उनके विकास के दावों की पोल खोलने के लिए काफी है।

अगर समय रहते चेंबर की सफाई कर दी जाती, तो आज इतनी बड़ी आर्थिक क्षति को टाला जा सकता था। पूर्व सूचना के बावजूद नाले की सफाई न होना और महज कुछ समय की बारिश में एक व्यवसायी को लाखों का नुकसान होना, क्षेत्र की ड्रेनेज समस्या की जमीनी हकीकत बयां कर रहा है।

Video

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

न्यूज एडिटर

विकास पाण्डेय ने RIG24 Media Network से Journalism की शुरुआत की। Finance (NBFC) क्षेत्र में 15 वर्षों के अनुभव के बाद उन्होंने BJMC की Professional Degree प्राप्त की। अक्टूबर 2021 से वे ‘केलो प्रवाह’ की Digital Journalism से जुड़े हैं और Web News Portal के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे क्षेत्रीय घटनाक्रम, Exclusive Reports, Politics, Finance, Infrastructure, Employment, Development, Crime और जनहित के मुद्दों पर निरंतर लेखन करते हैं।

Share: