रायगढ़। दुष्कर्म के आरोपी को मुलाहिजा के लिए अस्पताल ले जाया गया था जहां पुलिस कर्मियों की आंखों में धूल झोंक कर फरार होने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार कर लाया गया था। कोतवाली पुलिस ने आरोपी की पतासाजी के लिए सभी तरफ नाकेबंदी की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर चाम्पा जिले के बिर्रा क्षेत्र निवासी नरेंद्र पटेल के खिलाफ कोतवाली थाने में धारा 376 के तहत अपराध पंजीबद्ध था। पुलिस को कई दिनों से उसकी तलाश थी। वहीं आरोपी नरेन्द्र के जम्मू कश्मीर में होने की सूचना पर रायगढ़ से कोतवाली पुलिस की टीम जम्मू कश्मीर से उसे गिरफ्तार कर लायी थी तथा अस्पताल मुलाहिजा के लिए ले जाया गया था। अस्पताल में पुलिस कर्मियों की आंख में धूल झोंक कर वह फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि नरेंद्र पटेल सावित्री नगर की ओर भागा है। पुलिस टीम उसकी खोजबीन कर रही है। वहीं शहर के सभी तरफ नाकेबंदी की गयी है। इसके साथ ही सीसी टीवी फुटेज भी खंंगाले जा रहे है, जिससे उसकी आखिरी लोकेशन ट्रेस हो सके। इसी आधार पर पुलिस आरोपी की खोजबीन कर रही है।

























