रायपुर: राजधानी की सड़कों पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों और बेतरतीब पार्किंग के कारण चरमराती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका इलाके में प्रतिबंधित समय सीमा का उल्लंघन कर घुसे 7 भारी मालवाहक वाहनों को मौके पर ही धर दबोचा गया। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना ठोका है। इसके साथ ही सड़कों और फुटपाथों पर कब्जा जमाए वाहनों को क्रेन व टोइंग मशीनों की मदद से जब्त किया गया।
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर चली क्रेन
शहर के व्यस्ततम बाजारों, चौराहों और मुख्य मार्गों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन से उठाकर सीधे यातायात थाना परिसर भेज दिया गया। यातायात बाधित करने वाले इन सभी वाहन चालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान काटा गया है।
रात 12 से सुबह 5 बजे तक ही भारी वाहनों को अनुमति
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रिंग रोड के अंदरूनी हिस्सों और प्रमुख बाजारों में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश के लिए समय सीमा तय है। भारी वाहनों को केवल रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक ही शहर की सीमा में प्रवेश की छूट है। इसके अतिरिक्त किसी भी समय नो-एंट्री प्रभावी रहती है। नियमों की अनदेखी करने पर कड़े कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
सीसीटीवी और फील्ड टीमों से रखी जा रही नजर
यातायात विभाग अब नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर शहर भर में लगे सीसीटीवी कैमरों और फील्ड टीमों के माध्यम से पैनी नजर रख रहा है। पुलिस प्रशासन ने ट्रांसपोर्टरों, वाहन मालिकों और आम जनता से तय समय-सीमा व निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की सख्त अपील की है।






















