रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में दीवार में सेंधमारी कर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात के मास्टरमाइंड विशाल सचदेव और उसके साथी सूरज ढीमर को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवर और वारदात में प्रयुक्त वाहनों समेत करीब 14.51 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू करने के लिए विशाल सचदेव ने लाखों रुपये का कर्ज लिया था। व्यापार न चलने के कारण वह भारी आर्थिक तंगी से घिर गया था और उसकी फैक्ट्री का करीब 7 लाख रुपये बिजली बिल भी बकाया था। इसी कर्ज और बकाया बिजली बिल को चुकाने के इरादे से उसने अपनी फैक्ट्री के कर्मचारी सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलरी शॉप में चोरी की योजना बनाई थी।
दीवार में छेद कर दुकान में घुसे थे चोर
आरोपियों ने पहले कर्मा चौक मेन रोड स्थित लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स की रेकी की। इसके बाद 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में सेंधमारी की गई। फिर 29-30 सितंबर की रात आरोपी दुकान के भीतर घुसे और डिस्प्ले में रखे आभूषण लेकर फरार हो गए। 30 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे जब दुकान संचालक सुनील जैन पहुंचे, तब प्लाई गिरी और दीवार में बड़ा छेद देखकर घटना का पता चला।
दुकान संचालक की शिकायत पर गुढ़ियारी थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
3.5 किलो चांदी और गाड़ियां जब्त, एक साथी की तलाश
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 50 हजार रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, करीब 3.5 किलोग्राम चांदी के जेवर (मूल्य 7,91,700 रुपये) और 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार (CG 04 MT 8303) और बिना नंबर की एक्टिवा भी जब्त की गई है। जब्त किए गए कुल सामान की कीमत 14 लाख 51 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है।























