रायपुर: जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी निवासी व्यवसायी दिनेश मिरानिया की जान चली गई। वे अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने पहलगाम पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान दिनेश मिरानिया अपनी पत्नी नेहा और दो बच्चों शौर्य और लक्षिता के साथ घुड़सवारी का आनंद ले रहे थे, जब आतंकियों ने अचानक पर्यटकों पर गोलियों की बौछार शुरू कर दी। इस हमले में दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत अनंतनाग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
उनकी मौत की खबर मिलते ही रायपुर में शोक की लहर दौड़ गई। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकार बकलेक्टर गौरव सिंह, एसपी लाल उमेद सिंह और नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने मिरानिया परिवार के घर पहुँचकर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। हमले में कुल छह पर्यटक घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। आतंकियों ने तीन से पांच मिनट तक अंधाधुंध गोलीबारी की और फिर मौके से फरार हो गए। इस दौरान कई घोड़े भी गोलियों की चपेट में आए हैं। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
भारतीय सेना की विक्टर फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों की तलाश में जुटी हुई हैं। घटनास्थल पर CRPF की क्विक रिएक्शन टीम (QAT) भी तैनात कर दी गई है। यह आतंकी हमला एक बार फिर घाटी में सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

























