रायगढ़। जिले के खेल जगत और क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बेहद गौरवशाली खबर सामने आई है। शहर के 22 वर्षीय युवा स्टार बल्लेबाज अभिषेक यादव ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट ‘इंडियन सॉफ्ट-बॉल क्रिकेट लीग’ (ISCL) में अपनी जगह पक्की कर ली है। पूर्व अंतरराष्ट्रीय दिग्गज क्रिकेटर सुरेश रैना के ब्रांड एंबेसडर वाली इस सबसे बड़ी नेशनल लीग में अभिषेक अब ‘छत्तीसगढ़’ की टीम से खेलते हुए मुंबई के मैदानों पर अपने बल्ले का दम दिखाएंगे।अभिषेक की इस शानदार कामयाबी ने उनके पिता धर्मदेव यादव और माता शशिकला यादव का सीना फख्र से चौड़ा कर दिया है।
शुरुआती दौर में जब अभिषेक दिन-रात रायगढ़ की गलियों और आस-पास के ग्रामीण इलाकों में बल्ला थामे क्रिकेट खेलते नजर आते थे, तब उनके इस जुनून को देखकर माता-पिता अक्सर भविष्य को लेकर चिंतित रहा करते थे। लेकिन, अभिषेक ने इसी खेल को अपना सफल करियर बना लिया। आज वे साल भर लगातार क्रिकेट खेलते हैं और अपने शानदार खेल की बदौलत अच्छी-खासी कमाई भी करते हैं। वहीं अब इतने बड़े राष्ट्रीय मंच पर पहुंचकर उन्होंने अपने परिवार और पूरे शहर का नाम रोशन कर दिया है। बेहद कम उम्र में अभिषेक यादव ने टेनिस बॉल क्रिकेट को एक पेशेवर मुकाम तक पहुंचा दिया है।
उनकी आक्रामक और भरोसेमंद बल्लेबाजी की गूंज सिर्फ छत्तीसगढ़ के जिलों तक ही सीमित नहीं है। उड़ीसा, मध्य प्रदेश और झारखंड जैसे पड़ोसी राज्यों के बड़े आयोजक और टीम मालिक अभिषेक को अपने टूर्नामेंट्स में खिलाने के लिए विशेष आमंत्रण भेजते हैं। टेनिस बॉल सर्किट में आज वे एक ऐसे प्रोफेशनल खिलाड़ी के रूप में जाने जाते हैं, जो किसी भी मैच का रुख पलटने का माद्दा रखते हैं।
अभिषेक के मुंबई में होने वाले इस नेशनल टूर्नामेंट में चयन की खबर मिलते ही रायगढ़ के खेल प्रेमियों में जश्न का माहौल है। वरिष्ठ खिलाड़ियों का मानना है कि अभिषेक की यह छलांग अंचल के अन्य युवाओं के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बनेगी।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शहर के वरिष्ठ टेनिस बॉल क्रिकेटर्स विकास पाण्डेय, नारायण प्रसाद पटेल, दीपांशु पाणिग्राही, कपिल दास महंत, अमित कुंवर, अभिषेक गुप्ता, राजा गोरख, रजत शर्मा, रवि दास महंत, कैलाश प्रधान और मनीष सिंह समेत तमाम खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने अभिषेक को बधाई देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






















