बिलासपुर, 28 जून। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन का भव्य प्रांतीय अधिवेशन रविवार को बिलासपुर में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेशभर से हजारों सराफा व्यवसायियों ने भाग लिया। अधिवेशन में सराफा व्यापार से जुड़े कानूनी प्रावधानों, तकनीकी बदलावों, डिजिटल कारोबार और व्यवसाय की पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने बदलते समय के अनुरूप व्यापार को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और विधिसम्मत तरीके से संचालन पर विशेष जोर दिया।
सम्मेलन में व्यवसायियों को हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (HUID) से जुड़े नए नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही भारतीय दंड संहिता की पूर्व धारा 411 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(बी) के प्रावधानों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी देते हुए उनके व्यावहारिक पहलुओं को समझाया। व्यवसायियों से कानूनों का पालन करते हुए पारदर्शी और सुरक्षित व्यापार व्यवस्था अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा गृह मंत्री विजय शर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधियों ने भी अधिवेशन में सहभागिता कर सराफा व्यवसाय के महत्व और आर्थिक विकास में उसकी भूमिका पर अपने विचार रखे। अधिवेशन के दौरान रायगढ़ सराफा एसोसिएशन को छत्तीसगढ़ सराफा जगत में उत्कृष्ट योगदान और निरंतर सहयोग के लिए विशेष प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं रायगढ़ के युवा व्यवसायी राहुल सोनी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘सराफा रत्न’ सम्मान से नवाजा गया। इस उपलब्धि को रायगढ़ सराफा जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया गया। कार्यक्रम में रायगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, पवन अग्रवाल, उत्तम अग्रवाल, सचिव राहुल सोनी, जोगेंद्र वर्मा, गोविंद सोनी, कमल सोनी, अजय सोनी, गौरव अग्रवाल और विनोद सोनी सहित बड़ी संख्या में रायगढ़ के व्यवसायियों ने भाग लिया।
अधिवेशन के सामाजिक सरोकारों के तहत विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। वक्ताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।





















