रायगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिजीत पठारे ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर बाघतालाब और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) मोदीनगर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों और लैब जांच की स्थिति परखी
निरीक्षण के दौरान सीईओ अभिजीत पठारे ने दोनों केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं के स्टॉक, प्रयोगशाला जांच सेवाओं और साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा तय मानकों के अनुसार मरीजों को सभी जरूरी दवाइयां और लैब जांच की सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जाएं, जिससे मरीजों को समय पर सही उपचार मिल सके।
बाघतालाब केंद्र को मॉडल रूप में विकसित करने के निर्देश
सीईओ पठारे ने शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर बाघतालाब को मॉडल यू-आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित करने के लिए जरूरी सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों के परिसर में स्वच्छता, सुव्यवस्थित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने की सलाह दी, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। इस निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैकरा, संबंधित प्रभारी चिकित्सक और केंद्रों के स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।























