रायगढ़। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर दोस्ती कर मिलने बुलाने के बाद एक युवक के साथ चाकू की नोक पर मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक का आरोप है कि चांपा में मिलने पहुंचने पर युवती और उसके छह साथियों ने मिलकर उसे बंधक बनाकर पीटा, फोन-पे के जरिए 39 हजार 600 रुपये ट्रांसफर करवाए और सोने की अंगूठी भी छीन ली। पीड़ित की शिकायत पर रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने युवती समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्नैपचैट पर हुई थी दोस्ती, मिलने के बहाने चांपा बुलाया
कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार तुर्कापारा निवासी 23 वर्षीय मनीष वर्मा फोटो फ्रेमिंग का काम करता है। कुछ समय पूर्व स्नैपचैट पर उसकी पहचान पीहू उर्फ पूजा नाम की युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती हो गई। आरोप है कि पीहू पिछले कई दिनों से मनीष को मिलने के लिए चांपा आने का दबाव बना रही थी।
इसी सिलसिले में 4 नवंबर को मनीष अपने साथी अनुज प्रसाद के साथ कार (सीजी 13 एआर 5738) से चांपा पहुंचा। वहां मुलाकात होने पर पीहू ने मनीष से कहा कि वह अपने दोस्त अनुज को किसी ढाबे में छोड़ दे। इसके बाद वे मिशाल ढाबा पहुंचे, जहां मनीष अपने दोस्त को छोड़कर युवती के साथ मड़वा प्लांट के पास चला गया।
चाकू दिखाकर की मारपीट, फोन-पे से मंगवाए पैसे
मनीष का आरोप है कि रात करीब 12:20 बजे छह अज्ञात युवक अचानक कार के पास पहुंचे। उन्होंने चाकू दिखाकर मनीष को जबरन बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों व बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद आरोपियों ने उससे पैसों की मांग शुरू कर दी। जान से मारने की धमकी मिलने पर डर के मारे मनीष ने अपने दोस्त के जीजा से फोन-पे के जरिए 39,600 रुपये मंगवाकर आरोपियों को दे दिए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने मनीष की उंगली में पहनी सोने की अंगूठी भी उतरवा ली। पीड़ित के अनुसार, वारदात के दौरान पीहू भी मौके पर मौजूद थी और कथित तौर पर बैठकर शराब पी रही थी। घटना को अंजाम देने के बाद युवती और उसके छह साथी स्कूटी और बाइक से फरार हो गए।
कोतवाली थाने में बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
वारदात के बाद मनीष मिशाल ढाबा लौटा और अपने दोस्त अनुज को घटना की जानकारी दी। रायगढ़ पहुंचकर उसने परिजनों को आपबीती बताई और कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 115(2), 308(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस युवती और उसके छह अज्ञात साथियों की भूमिका व संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।













