रायगढ़। भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जैमुड़ा में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाने के मामले में पुलिस ने मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मृतका को दहेज में मोटरसाइकिल और कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के साक्ष्य मिले थे।
शादी के एक साल बाद से शुरू हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जैमुड़ा निवासी नीता पटेल (34 वर्ष) का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व गांव के ही राकेश पटेल के साथ हुआ था। शादी के लगभग एक वर्ष बाद से ही पति राकेश पटेल, ससुर बंधुराम पटेल और सास शांति बाई पटेल कम दहेज लाने तथा मोटरसाइकिल न मिलने की बात कहकर उसके साथ मारपीट और विवाद करते थे।
परिजनों के कथनों के अनुसार, करीब चार-पांच माह पूर्व आरोपियों ने कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी थी और इसके लिए भी मृतका को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इस प्रताड़ना से परेशान होकर नीता पटेल ने 19 अक्टूबर 2026 की दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मर्ग जांच के बाद दर्ज हुआ दहेज मृत्यु का अपराध
घटना की सूचना पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मृत्यु का कारण फांसी लगाना पाया गया। मर्ग जांच के दौरान मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज किए गए, जिसमें दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किए जाने के तथ्य सामने आए।
जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर थाना भूपदेवपुर में 4 नवंबर 2026 को आरोपी पति, सास और ससुर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के नेतृत्व में विवेचना आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पर्याप्त सबूत मिलने पर 7 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी भेजे गए न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पति राकेश पटेल (34 वर्ष), ससुर बंधुराम पटेल (56 वर्ष) और सास शांति बाई पटेल (52 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ग्राम जैमुड़ा के निवासी हैं, जिन्हें वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को लेकर कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों और दहेज प्रताड़ना के मामलों में पुलिस संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई कर रही है तथा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।











