रायगढ़ (केलो प्रवाह)। पुसौर ब्लाक के ग्राम पंचायत पुटकापुरी में शासकीय शाला का हायर सेकेण्ड्री स्कूल के रूप में 18 साल पहले उन्नयन तो कर दिया गया लेकिन आज पर्यंत स्कूल भवन का निर्माण नहीं हो सका है। ऐसे में विद्यार्थियों को बरामदे में बैठ कर पढ़ाई करनी पड़ रही है। नवीन स्कूल भवन निर्माण के साथ ही प्रयोगशाला एवं कम्प्यूटर लैब निर्माण सहित अन्य मांगों को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है। पुसौर ब्लॉक के ग्राम पंचायत पुटकापुरी में संचालित शासकीय स्कूल को शासन द्वारा वर्ष 2008 में उन्नयन कर हायर सेकेण्ड्री स्कूल का दर्जा दिया था।
वहीं स्कूल के उन्नयन के साथ ही नवीन भवन निर्माण की भी आवश्यकता थी परंतु भवन निर्माण कार्य की उन्नयन के 18 साल बाद भी स्वीकृति नहीं मिल पाई है। ऐसे में विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुटकापुरी के सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर जनदर्शन कार्यक्रम के कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए नवीन स्कूल भवन निर्माण की स्वीकृति के लिए गुहार लगाई है। ग्रामीणों द्वारा दिये गये ज्ञापन में कहा गया है कि स्कूल में पर्याप्त कमरों की व्यवस्था नहीं होने की वजह से छात्र-छात्राओं को बरामदे में बैठ कर पढ़ाई करना पड़ता है।
चूंकि स्कूल में कला विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की पढ़ाई होती है जिसके लिए पर्याप्त कमरों की आवश्यकता है तथा विद्यार्थियों के लिए प्रयोगशाला एवं कम्प्यूटर लैब की भी व्यवस्था की जानी है। इसके साथ ही हायर सकेण्ड्री स्कूल में छात्राओं के लिए पृथक से शौचालय निर्माण व पूर्व माध्यमिक स्कूल में अहाता तथा किचन शेड निर्माण करने की भी उन्होंने मांग रखी। ग्रामीणों का कहना है कि पुटकापुरी के अलावा आस पास के गांव के बच्चे भी यहां पढ़ने आते हैं लेकिन सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द इस समस्या का निराकरण करने की मांग की है।























