- मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई – एसएसपी शशि मोहन सिंह
रायगढ़, 29 मार्च 2026। शहर की शांत फिजाओं में ‘पटाखा’ फोड़कर दहशत फैलाने वाले और कानफोड़ू आवाज निकालकर सड़कों पर स्टंट दिखाने वाले रईसजादों पर अब जिले के कप्तान शशि मोहन सिंह का हंटर चलना शुरू हो गया है। एसएसपी के सख्त तेवरों का असर रविवार को उस वक्त दिखा, जब ट्रैफिक पुलिस द्वारा हाल ही में जब्त किए गए करीब 50 मॉडिफाई साइलेंसरों पर सरेआम बुलडोजर चलवाकर उन्हें कबाड़ के ढेर में तब्दील कर दिया गया।
मां-बाप को एसएसपी ने लगाई ‘कड़ी क्लास’
पुलिस की यह कार्रवाई केवल चालान काटने या गाड़ी जब्त करने तक सीमित नहीं रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एक नया और सख्त तरीका अपनाते हुए शोर मचाने वाले 11 युवकों के साथ-साथ उनके माता-पिता (अभिभावकों) को भी सीधे पुलिस कार्यालय तलब किया। एसएसपी ने दोटूक शब्दों में चेताया कि “अपने बच्चों की आवारागर्दी और कानून तोड़ने की आदत पर अभी लगाम कसें, वरना अगली बार केवल जुर्माना नहीं, बल्कि सीधी जेल और सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई होगी।” दफ्तर बुलाए गए कई अभिभावक एसएसपी के तेवर देखकर बगलें झांकते नजर आए।
डीएसपी ट्रैफिक की टीम ने बिछाया था जाल
एसएसपी के कड़े निर्देश के बाद डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह और उनकी टीम ने शनिवार शाम शहर के प्रमुख चौराहों और चेक प्वाइंट्स पर सघन घेराबंदी की थी। जांच के दौरान 11 ऐसी गाड़ियां पकड़ी गईं, जिनमें नियमों के विरुद्ध जाकर तेज आवाज वाले मॉडिफाई साइलेंसर लगाए गए थे। इन सभी गाड़ियों को तत्काल ट्रैफिक थाना लाया गया और मौके पर ही मिस्त्री बुलाकर उनके ‘पटाखा’ छोड़ने वाले साइलेंसर उतरवा लिए गए।
50 साइलेंसरों पर चला बुलडोजर
कार्रवाई का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा वह रहा जब ट्रैफिक थाने के पीछे पुलिस कॉलोनी में भारी मशीनरी (बुलडोजर) मंगवाई गई। यहां हाल ही में जब्त किए गए लगभग 50 मॉडिफाई साइलेंसरों को एक साथ बिछाया गया और उन पर बुलडोजर फेर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि जो साइलेंसर शांति भंग करेंगे, उनका हश्र यही होगा।
सीधे एसएसपी को भेजें फोटो
जनता को पुलिस का ‘कान और आंख’ बनाने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपना खुद का शासकीय व्हाट्सएप नंबर 9479193200 सार्वजनिक कर दिया है। उन्होंने रायगढ़ वासियों से अपील की है कि जहां भी आपको ऐसी तेज आवाज वाली गाड़ियां या स्टंटबाज दिखें, उनकी फोटो या वीडियो बनाकर सीधे इस नंबर पर भेजें। पुलिस आपकी सूचना पर तत्काल दबिश देगी।
अधिकारियों की थपथपाई पीठ
इस प्रभावी और असरदार कार्रवाई के लिए एसएसपी ने डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, ट्रैफिक थाना प्रभारी नारायण सिंह मरकाम और उनकी पूरी टीम की सराहना की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान थमने वाला नहीं है और रायगढ़ की सड़कों पर शांति बहाल होने तक जारी रहेगा।


























