रायगढ़। महिला थाना पुलिस ने 25 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ के आरोप में 30 वर्षीय युवक मनीष राठिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपना जुर्म स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
शौच के लिए जाते समय झाड़ियों से निकलकर की छेड़छाड़
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे वह अपने घर के पास जंगल की ओर दिशा मैदान के लिए गई थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला मनीष राठिया, पिता चकबंदी राठिया, झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी गलत नीयत से युवती के पास पहुंचा और उसका हाथ व साड़ी पकड़कर खींचतान करने लगा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी दिशा मैदान जाने वाली गांव की अन्य महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अशोभनीय हरकतें करता रहा है। ग्रामीणों और बीडीसी द्वारा समझाइश दिए जाने के बाद भी उसके आचरण में सुधार नहीं आया था।
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज, दबिश देकर पकड़ा
पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना में मनीष राठिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 92/2026, धारा 74 और 77 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के क्रम में पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
आरोपी की पतासाजी के लिए महिला थाना और चक्रधरनगर थाना की पेट्रोलिंग टीम ने दबिश दी। मनीष राठिया को उसके निवास से हिरासत में लेकर महिला थाना लाया गया।
अदालती आदेश पर जेल दाखिल
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया और इस संबंध में उसकी पत्नी को सूचना दी। इसके बाद उसे सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम केंवट, विवेचना अधिकारी प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत और चक्रधरनगर थाना की पुलिस पेट्रोलिंग टीम शामिल रही।























