रायगढ़। रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ को एक और बड़ी सफलता मिली है। जूटमिल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने सक्ती जिले के चंद्रपुर निवासी 27 वर्षीय आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार किया है, जिसने बालिका को बहला-फुसलाकर अगवा किया और उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार और मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 17 अप्रैल की रात जूटमिल क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने अगले दिन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात को भोजन के बाद सोई बालिका सुबह अपने कमरे में नहीं मिली और उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तकनीकी टीम की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेही विकास यादव का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ और पीड़िता के बयान में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि आरोपी ने बालिका को झूठा झांसा दिया था। विकास यादव ने बालिका से कहा कि उसके पिता की तबीयत बेहद खराब है और उन्हें देखने चलना होगा। इसी बहाने वह उसे अपनी कार में बैठाकर चंद्रपुर ले गया, जहां उसने नाबालिग की मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। वारदात के बाद आरोपी ने पकड़े जाने के डर से उसे बाइक पर ले जाकर बस स्टैंड के पास छोड़ दिया और फरार हो गया। पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस बड़ी कार्रवाई पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिले के अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध को रायगढ़ पुलिस अक्षम्य मानती है। एसएसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस न केवल त्वरित कार्रवाई करेगी, बल्कि दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए पर्याप्त साक्ष्य भी जुटाएगी। उन्होंने आम जनता और अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा के प्रति निरंतर सजग रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।























