Skip to content

रायगढ़: इतवारी बाजार बंद होने से सड़कों पर लगा ‘पसरा’, दिनभर रहा भीड़भाड़ 

raigarh itwari bazar sunday market road jam

रायगढ़। ऑक्सीजोन निर्माण कार्य को गति देने के लिए ईतवारी बाजार को बंद कर दिये जाने पर सब्जी विक्रेताओं ने सड़कों पर ही अपना पसरा लगा दिया। इसके चलते दिन भर शहर के मुख्य मार्गों पर भारी भीड़-भाड़ रही और राहगीरों को जाम की स्थिति से दो-चार होना पड़ा। हालांकि हाउसिंग बोर्ड ने पहले ही व्यवसायियों को सूचित कर दिया था, जिससे कपड़ा, किराना व मटन-चिकन की दुकानें तो नहीं लगीं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र से आए किसानों को इसकी जानकारी नहीं थी।

सूचना के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे किसान

​ईतवारी बाजार में वर्तमान में ऑक्सीजोन का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें आधे हिस्से को उद्यान और शेष भूमि में कैफेटेरिया व पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। चूंकि रविवार को स्थानीय व्यापारियों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी किसान अपनी सब्जी-भाजी बेचने यहाँ आते हैं, इसलिए उन्हें पार्किंग स्थल में दुकान लगाने की छूट दी जाती रही है। लेकिन ऑक्सीजोन का कार्य अंतिम चरण में होने के कारण, काम पूरा करने के उद्देश्य से बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के आज बाजार में दुकान लगाने पर रोक लगा दी गई थी।

व्यापक प्रचार-प्रसार न होने से बढ़ी परेशानी

​हाउसिंग बोर्ड द्वारा वेंडरों को सूचना तो दी गई थी, लेकिन व्यापक प्रचार-प्रसार के अभाव में ग्रामीण किसानों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। जब वे अपनी फसल लेकर रायगढ़ पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि आज ईतवारी बाजार बंद है। इसके बाद सब्जी लेकर पहुंचे किसानों और स्थानीय विक्रेताओं ने गौरीशंकर मंदिर रोड, ओवरब्रिज के नीचे रामनिवास टाकीज चौक से पुराना शनि मंदिर तक और गोपी टाकीज मार्ग से हेमू कलानी चौक तक सड़क के दोनों ओर पसरा लगाकर अपना व्यवसाय शुरू कर दिया।

मुख्य मार्गों पर यातायात रहा बाधित

सड़क किनारे पसरा लग जाने के कारण इन प्रमुख मार्गों पर दिन भर काफी भीड़-भाड़ बनी रही। सड़कों के दोनों ओर दुकानें सजने से रास्ता संकरा हो गया, जिससे रोड से गुजरने वाले आम लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा। शहरवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन पहले से ही कोई वैकल्पिक स्थान तय कर देता, तो रविवार के दिन बाजार आने वाले लोगों और राहगीरों को इस अव्यवस्था से बचाया जा सकता था।

img 20260330 wa00022131128702790687614
इतवारी बाजार के मुख्य द्वार पर लगा ‘प्रवेश निषेध’ का बैनर
img 20260330 wa00059055674786112996645
राहगीरों दुकानदारों हर किसी को कोई दिक्कत लेकिन सबसे ज्यादा मुश्किल में दिखे किसान

ऑक्सीजन और इतवारी बाजार से संबंधित प्रकाशित खबरों को नीचे में जरूर पढ़िए

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित प्रतिष्ठित समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह आधिकारिक डिजिटल न्यूज़ रूम है। हमारी अनुभवी संपादकीय टीम रायगढ़ के सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत, छत्तीसगढ़ की प्रमुख हलचलों, राजनीति, प्रशासन, अपराध, रोज़गार और खेती-किसानी सहित जनहित के हर ज़रूरी विषय पर प्रमाणिकता के साथ समाचार प्रकाशित करती है। राष्ट्रीय घटनाक्रमों से लेकर सूचनापरक रोचक जानकारियों तक, हम हर खबर को तथ्यों की गहन जांच और साक्ष्यों के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए पूरी शुचिता के साथ प्रतिबद्ध हैं।

Share: