खरसिया। खरसिया पुलिस चौकी परिसर के बीच से प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए जमीन पर मार्किंग किए जाने के बाद यहां रहने वाले पुलिस परिवारों ने आपत्ति जताई है। परिसर में रहने वाली महिलाओं का कहना है कि चौकी परिसर के बीच से सड़क बनने पर बाहरी लोगों और वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी। इसी परिसर में पुलिसकर्मियों के परिवार रहते हैं और बच्चे भी यहीं साइकिल चलाने तथा खेलने जैसी गतिविधियां करते हैं। ऐसे में सड़क बनने से बच्चों की सुरक्षा और परिवारों की निजता को लेकर उन्हें चिंता है। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि वे पुलिस चौकी परिसर के बीच सड़क नहीं चाहतीं।
परिसर में सीमित जगह, सड़क बनने से बढ़ेगी परेशानी
पुलिस परिवारों के अनुसार एक-एक क्वार्टर में सीमित जगह है और बच्चों के खेलने के लिए अलग स्थान नहीं है। बच्चे परिसर में ही साइकिल चलाते हैं और छोटा-मोटा क्रिकेट खेल लेते हैं। महिलाओं का कहना है कि परिसर में पुलिस की जब्त गाड़ियां रखने के साथ कर्मचारियों के निजी वाहन और बाइक भी खड़े रहते हैं। ऐसे में सड़क बनने के बाद उपलब्ध जगह और कम हो जाएगी। वाहनों की आवाजाही बढ़ने से बच्चों के लिए दुर्घटना की आशंका भी महिलाओं ने जताई है।
परिवारों का सवाल – आखिर परिसर के बीच से ही सड़क क्यों?
महिलाओं का कहना है कि पुलिस चौकी परिसर के सामने और पीछे पहले से सड़कें मौजूद हैं। आसपास भी आवागमन के रास्ते हैं। ऐसे में उनका सवाल है कि परिसर के बीच से ही सड़क निकालने की जरूरत क्यों पड़ रही है। परिवारों के मुताबिक परिसर में उपलब्ध सीमित जगह बच्चों और परिवारों के सामान्य उपयोग में आती है, जिसके बीच से सड़क बनने पर उनकी परेशानी बढ़ेगी।
हमें सड़क नहीं, बुनयादी सुविधाएं चाहिए
सड़क के मुद्दे के साथ महिलाओं ने परिसर में रहने से जुड़ी कुछ अन्य समस्याएं भी बताईं। उनका कहना है कि कई क्वार्टरों की छत जर्जर है और बारिश के दौरान तिरपाल की कई परतों का सहारा लेना पड़ता है। महिलाओं के अनुसार तिरपाल हर साल बदलना पड़ता है, इसके बावजूद कई बार पानी टपकने की समस्या बनी रहती है। पानी की समस्या को लेकर महिलाओं ने बताया कि परिसर का बोर करीब छह महीने से खराब है। इसके कारण उन्हें बाल्टियां लेकर पास के रेस्ट हाउस से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं ने कहा कि परिसर में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी ये समस्याएं भी उनके सामने बनी हुई हैं।

एसएसपी से मिलने की कही बात
मौके पर महिलाओं ने कहा कि वे चौकी परिसर के बीच सड़क नहीं चाहतीं और इस संबंध में अपनी आपत्ति अधिकारियों के सामने रखेंगी। उन्होंने कहा कि वे एसएसपी शशिमोहन सिंह से मिलकर अपनी बात रखेंगी। पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में शिकायत किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। मौके पर प्रस्तावित सड़क के मार्ग को लेकर जमीन पर सफेद रंग से मार्किंग दिखाई दे रही है।



मौके की तस्वीर जहां सड़क निर्माण के लिए मार्किंग की गई है
























You must be logged in to post a comment.