रायगढ़। जिले के पुसौर ब्लॉक अंतर्गत सुर्री गांव में गुरुवार सुबह बारदाने के एक गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत विपणन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया है, हालांकि गोदाम के भीतर बारदाने रखे होने की वजह से काफी देर तक धुआं उठता रहा। यह पूरा मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
शटर तोड़कर दमकलकर्मियों ने शुरू किया राहत कार्य
जानकारी के अनुसार, सुर्री गांव के पास स्थित इस गोदाम में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे आग की लपटें दिखाई दीं। गोदाम लंबे समय से बंद पड़ा था, जिसके चलते आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को गोदाम का शटर तोड़ना पड़ा।
रिकॉर्ड के मुताबिक, इस गोदाम के अंदर करीब 10 से 12 साल पुराने लाखों अनुपयोगी बारदाने रखे हुए थे, जिनका बीमा भी कराया गया था। आग की इस घटना में कितने बारदाने जले हैं और कुल कितना नुकसान हुआ है, इसका आधिकारिक आकलन फिलहाल सामने नहीं आया है।
कारण अज्ञात, थाने में दी गई लिखित शिकायत
जिला विपणन अधिकारी जाह्नवी जैन ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर भेज दिए गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोदाम में करीब 12 साल पुराने अनुपयोगी बारदाने रखे हुए थे और आग लगने की वास्तविक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
विपणन विभाग की ओर से इस मामले में पुसौर थाने में लिखित शिकायत सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस अब आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।























