रायगढ़। रविवार की रात चक्रधरनगर पुलिस की सजगता से एक मासूम बच्चा किसी अनहोनी का शिकार होने से बच गया और सुरक्षित अपने परिवार के पास पहुंच गया। कमला नेहरू गार्डन के पास अकेले भटक रहे इस 4 वर्षीय बालक को पुलिस ने न केवल संरक्षण दिया, बल्कि उसके परिजनों को ढूंढ निकाला। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8:00 बजे चक्रधरनगर पुलिस को सूचना मिली कि गार्डन के पास एक छोटा बच्चा परेशान हालत में घूम रहा है।
खबर मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। बच्चा डरा हुआ था, जिसे पुलिसकर्मियों ने प्यार से समझाकर बातचीत की। पूछताछ में बालक ने खुद को मिट्ठूमुड़ा का रहने वाला बताया। पुलिस की टीम तत्काल उसे लेकर मिट्ठूमुडा पहुंची और गली-मोहल्लों में शिनाख्त शुरू की। इसी बीच पुलिस को बालक का 8 साल का बड़ा भाई मिला। दोनों भाइयों से जानकारी जुटाकर पुलिस सीधे उनके घर पहुंची और बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द किया।
अपने जिगर के टुकड़े को सकुशल वापस पाकर मां की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने चक्रधरनगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय व्यवहार के लिए दिल से आभार जताया है।























