रायगढ़। धान के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद पर झारखंड के तीन लोगों ने अपने ही पार्टनर के घर में घुस कर मारपीट की। इसके बाद अपहरण कर फरार हो गए। पीडि़त के पिता द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराये जाने पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थानांतर्गत ग्राम मुड़ागांव निवासी शिव प्रसाद बंजारा ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसका बड़ा बेटा रवि नारायण बंजारा विगत समय में धान खरीदी बिक्री का काम झारखण्ड निवासी पवन साहू के साथ कर रहा था।
उनके बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। रवि बंजारा के अनुसार पवन को डेढ़ लाख रुपया देना शेष था लेकिन वह 12 लाख रुपए शेष होना बता रहा था। रविवार को तकरीबन साढ़े 3 बजे पवन साहू व उसके साथी नरेश साहू, विष्णु साहू दो अलग-अलग चार पहिया वाहनों में उनके घर पहुंचे उस वक्त घर में रवि बंजारा एवं उसकी मां गायत्री बंजारा थी। तीनों घर में जबरदस्ती घुसते हुए रवि बंजारा से 12 लाख रुपए बाकी है, कहते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट करने लगे।
उसकी मां बचाव में आई तो उसके साथ भी मारपीट करने लगे। रवि के गले में पहने चांदी की चैन को पकड़ कर उसे खींचते हुए बाहर निकाले और अपने साथ ले गए। शिव प्रसाद बंजारा की रिपोर्ट पर लैलूंगा पुलिस ने आरोपी पवन साहू व उसके साथी नरेश साहू, विष्णु साहू के विरुद्ध बीएनएस की धारा 140(2), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।























