रायपुर। छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल परीक्षा की समय-सारणी जारी कर दी गई है। मार्च-अप्रैल 2025 की यह पहली परीक्षा होगी। 12वीं की परीक्षा 26 मार्च से और 10वीं की परीक्षा 27 मार्च से शुरू होगी। परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक आयोजित की जाएगी। 12वीं की परीक्षाएं 21 अप्रैल तक, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 17 अप्रैल तक चलेंगी। इस साल परीक्षा के लिए करीब 82 हजार छात्रों ने आवेदन किया है। राज्यभर में इन परीक्षाओं के लिए 250 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। गौरतलब है कि ओपन स्कूल अब साल में तीन बार मुख्य परीक्षा आयोजित करता है।
पिछले साल का प्रदर्शन
2024 में हुई तीन परीक्षाओं में सबसे अच्छा प्रदर्शन मार्च-अप्रैल परीक्षा में दर्ज किया गया था। 10वीं के 54.39 प्रतिशत और 12वीं के 66.03 प्रतिशत छात्र इस परीक्षा में सफल हुए थे। द्वितीय और तृतीय परीक्षाओं के परिणाम अपेक्षाकृत कम रहे। छात्र परीक्षा की समय-सारणी और अन्य जानकारी ओपन स्कूल की अधिकृत वेबसाइट पर देख सकते हैं।

























