Skip to content

शादी सीजन में नहीं लगेगा जाम : एसएसपी की पहल पर ट्रैफिक डीएसपी ने मैरिज गार्डन संचालकों को दिए सख्त निर्देश, पार्किंग और वॉलंटियर्स की तैनाती अनिवार्य

मैरिज गार्डन

रायगढ़। जिला प्रशासन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह द्वारा शहर के मैरिज गार्डन संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शादी एवं अन्य आयोजनों के दौरान मैरिज गार्डन के बाहर लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या का समाधान करना था। बैठक में डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने कहा कि शादी के सीजन में बारात और कार्यक्रमों के दौरान मैरिज गार्डन के बाहर अत्यधिक भीड़ और सड़क पर खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होता है, जिससे आम नागरिकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मैरिज गार्डन संचालक स्वयं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, जहां पार्किंग उपलब्ध नहीं है वहां अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाए। डीएसपी ने संचालकों को निर्देशित किया कि आयोजन के दौरान प्राइवेट गार्ड एवं वालंटियर नियुक्त किए जाएं, जो पार्किंग और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करें। साथ ही संबंधित थाना और यातायात पुलिस को पूर्व सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यक पुलिस बल की तैनाती कर यातायात को सुचारू रखा जा सके।

बैठक में मैरिज गार्डन संचालकों से सुझाव भी लिए गए, जिन पर सहमति बनाते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय लिया गया। इसमें गार्डन के बाहर सड़क पर वाहन खड़े न होने देना, स्पष्ट पार्किंग संकेतक लगाना, बारात मार्ग का पूर्व निर्धारण, कार्यक्रम के समय स्लॉट की जानकारी देना और यातायात पुलिस के साथ बेहतर समन्वय शामिल है। बैठक को सभी ने सार्थक बताते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश :
“आयोजकों और मैरिज गार्डन संचालकों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जिम्मेदारी निभानी होगी। यातायात पुलिस व्यवस्था बनाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करेगी। आम नागरिकों से भी अपील है कि यातायात नियमों का पालन कर पुलिस का सहयोग करें।”

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: