- प्रेस रिपोर्टर क्लब ने घरघोड़ा के होनहार छात्र की ऐतिहासिक उपलब्धि पर दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना की
रायगढ़, घरघोड़ा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणामों में रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी अहसन ने अपनी मेधा का लोहा मनवाते हुए पूरे प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया है। अहसन ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने क्षेत्र का मान बढ़ाया है, बल्कि जिले के शैक्षणिक स्तर को भी नई ऊंचाई दी है। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता से पूरे जिले में हर्ष की लहर व्याप्त है।
अहसन, घरघोड़ा के शासकीय शिक्षक अहमद के सुपुत्र हैं। उनकी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने कहा कि अहसन की उपलब्धि के पीछे उनके पिता के उत्कृष्ट मार्गदर्शन और संस्कारों का बड़ा हाथ है। अहमद जी को क्षेत्र में एक सच्चे राष्ट्रवादी और समर्पित शिक्षाविद् के रूप में पहचाना जाता है। प्रेस रिपोर्टर क्लब ने जताई खुशी: अहसन की शानदार सफलता पर प्रेस रिपोर्टर क्लब ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विशेष बधाई संदेश प्रेषित किया है।
प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने कहा यह पूरे रायगढ़ जिले के लिए गौरव का क्षण है। अहसन की सफलता अहमद जी जैसे समर्पित शिक्षक के संस्कारों और पुत्र की लगन का प्रतिफल है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।” प्रेस रिपोर्टर क्लब प्रदेश सचिव श्याम गुप्ता ने भावुक स्वर में कहा, “अहसन ने हम सबका सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। वह एक सच्चा ‘फाइटर’ है। यह उसकी कड़ी मेहनत का परिणाम है और यह सफलता उसके स्वर्णिम भविष्य की महज पहली सीढ़ी है।”
प्रेस रिपोर्टर क्लब की जिला इकाई और परिवार ने संयुक्त रूप से अहसन को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाना अन्य छात्रों के लिए एक प्रेरणा है। अहसन की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और परिश्रम में ईमानदारी हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। नगर के प्रबुद्ध जनों और परिजनों ने अहसन को मिठाई खिलाकर और आशीर्वाद देकर उनकी इस उपलब्धि का जश्न मनाया।























