बिलासपुर: छत्तीसगढ़ी संगीत के ‘मेलोडी किंग’ कहे जाने वाले सुप्रसिद्ध गायक, अभिनेता और संगीतकार नितिन दुबे के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। बीते 14 मार्च को न्यायधानी बिलासपुर में आयोजित भव्य ‘बिलासा छोलीवुड अवार्ड्स 2026’ के मंच पर नितिन दुबे को उनकी कलात्मक साधना और छत्तीसगढ़ी संगीत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ‘बेस्ट स्टार सिंगर 2026’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। हजारों कला प्रेमियों की गड़गड़ाहट और मंत्रमुग्ध कर देने वाली शाम के बीच, उन्हें यह सम्मान संगीत जगत में उनके निरंतर समर्पण और एक के बाद एक सुपरहिट गीतों के सफर के लिए दिया गया है।
यूट्यूब पर बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
नितिन दुबे छत्तीसगढ़ के पहले ऐसे इंडिपेंडेंट सिंगर बन गए हैं, जिन्होंने यूट्यूब पर 500 मिलियन (50 करोड़) व्यूअरशिप का कीर्तिमान स्थापित किया है। उनके गानों की लोकप्रियता और दर्शकों के प्रति उनके जुड़ाव को देखते हुए, आयोजक सुनील सागर और चयन समिति ने उन्हें इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गायक के रूप में चुना। अवार्ड समारोह के दौरान हजारों की संख्या में मौजूद प्रशंसकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपने पसंदीदा कलाकार का उत्साहवर्धन किया।
अब अभिनय की दुनिया में रखेंगे कदम
अवार्ड ग्रहण करने के बाद नितिन दुबे ने अपनी भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही फिल्म ‘मैं राजा सुपरस्टार’ के जरिए बतौर मुख्य अभिनेता (Hero) फिल्मी पर्दे पर नजर आएंगे। इस फिल्म की शूटिंग फिलहाल जोर-शोर से चल रही है, जिसमें उनके साथ लोकप्रिय अभिनेत्री एलशा घोष स्क्रीन शेयर करती दिखेंगी।
संगीत और अभिनय का अनूठा संगम
खास बात यह है कि इस फिल्म में नितिन दुबे न केवल अभिनय कर रहे हैं, बल्कि फिल्म का संगीत भी उन्होंने खुद ही तैयार किया है। उन्होंने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि यह सफलता उनके माता-पिता के आशीर्वाद और जनता के प्यार का परिणाम है। फिल्म ‘मैं राजा सुपरस्टार’ के गीतों से उन्हें काफी उम्मीदें हैं और यह जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

























