खरसिया। पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत मौहापाली के विभिन्न मोहल्लों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात की। शाम करीब 4 बजे गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-ताशों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। जनसंपर्क के दौरान विधायक पटेल ने ग्रामीणों की समस्याएं और स्थानीय मांगें सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम में विधायक पटेल ने ग्राम पंचायत मौहापाली में बने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें ग्रामीणों को समर्पित किया। इनमें सीसी रोड, पंचायत भवन, प्राथमिक शाला भवन, चबूतरा एवं सामुदायिक भवन सहित अन्य कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ग्रामीणों की मांगों और आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार कार्य किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील की।
कई युवाओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
कांग्रेस की रीति-नीति से प्रभावित होकर कई युवाओं ने इस अवसर पर पार्टी की सदस्यता ली। विधायक पटेल ने नवप्रवेशी युवाओं को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा साथियों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और उनकी सक्रिय भागीदारी से जमीनी स्तर पर संगठन और सशक्त होगा। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मौहापाली के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

































You must be logged in to post a comment.