- वार्ड क्रमांक 39 के विकास नगर गली नंबर 2 में होगा सड़क निर्माण, क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत
रायगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 39 रेलवे बंगला पारा अंतर्गत विकास नगर गली नंबर 2 में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली है। वार्डवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए 17 लाख रुपये की लागत से गुप्ता डॉक्टर के घर से राधाकृष्ण मंदिर होते हुए मयंक घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन महापौर जीवर्धन चौहान, क्षेत्र की पार्षद संगीता मूक्कू यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से सड़क की जर्जर स्थिति एवं बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं को लेकर मांग रखी थी। सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि रायगढ़ विधायक एवं वित्तमंत्री श्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में शहर के सभी वार्डों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा आमजन की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सड़क, नाली, पेयजल एवं साफ-सफाई जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीसी रोड निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत प्राप्त होगी। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य तेजी से पूर्ण कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
महापौर ने यह भी कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से शहर को व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है और आने वाले समय में भी विभिन्न वार्डों में कई निर्माण कार्य कराए जाएंगे।इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि मूक्कू यादव, एम.आई.सी. सदस्य मुक्तिनाथ बबुआ सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।























