कोरबा। छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में अब कोरबा पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक (SP) द्वारा जारी आदेश के तहत थाना प्रभारियों समेत निरीक्षक, उप निरीक्षक (SI) और सहायक उप निरीक्षक (ASI) के प्रभार में बदलाव किया गया है। सबसे अहम बदलाव कोरबा कोतवाली और कटघोरा थाना में देखने को मिला है, जहां दोनों थाना प्रभारियों की अदला-बदली की गई है।
कोतवाली और कटघोरा थाना प्रभारी बदले
जारी आदेश के अनुसार, कोरबा कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल को स्थानांतरित कर कटघोरा थाना का प्रभारी बनाया गया है। वहीं कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी को अब कोरबा कोतवाली की कमान सौंपी गई है। जिले के सबसे व्यस्त और संवेदनशील थाना क्षेत्रों में शामिल कोतवाली में यह बदलाव पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
तबादला आदेश के तहत निरीक्षक मनोज कौशिक को रक्षित केंद्र से थाना पाली भेजा गया है। उप निरीक्षक शिव कुमार कोसरिया को रक्षित केंद्र से थाना सिविल लाइन रामपुर में पदस्थ किया गया है। सहायक उप निरीक्षक धनंजय जाटवर को बालकोनगर थाना से सिविल लाइन रामपुर स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा अनिल खाण्डे और शनि कुमार सहित अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अपराध नियंत्रण को लेकर लिया गया फैसला
पिछले कुछ समय में कोरबा शहर के कोतवाली क्षेत्र में मारपीट, चाकूबाजी और हत्या जैसी घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे। ऐसे में पुलिस विभाग ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संवेदनशील थाना क्षेत्रों में बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक बदलाव किया है।
प्रदेश में लगातार हो रहे हैं पुलिस विभाग में तबादले
छत्तीसगढ़ में हाल के दिनों में पुलिस विभाग में लगातार तबादले देखने को मिल रहे हैं। इससे पहले दुर्ग जिले में भी बड़ी संख्या में थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया था। माना जा रहा है कि प्रदेशभर में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रह सकता है।





















