रायगढ़, (केलो प्रवाह)। अनगिनत लोग अध्यात्म के जरिए ईश्वर को महसूस करने की धारा में बहते चले जा रहे हैं। तमाम गुरु भी अपने अनुयायियों को इस दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। बनोरा आश्रम ने इससे अलग एक रास्ता अपनाया है। वह है अध्यात्म के माध्यम से सेवा का रास्ता। लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने के लिए लगे बाबा प्रियदर्शी राम ने अब शिक्षा को जरिया बनाया है। भारत अध्यात्म का विश्वगुरु है। इस दिशा में कई मत, कई विचार, कई पंथ, कई धर्म अपने-अपने तरीके से आगे बढ़ रहे हैं।
कोई अध्यात्म के माध्यम से भक्ति के मार्ग को प्रशस्त करता हुआ, परमात्मा में लीन होने की ओर बढ़ रहा है। इसी तरह अघोर गुरुपीठ बनोरा के बाबा प्रियदर्शी राम ने क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए स्वयं ही नवाचार को अपनाया है। उन्होंने न केवल भक्ति, बल्कि वास्तविक रूप से सेवा करने का रास्ता अपनाया है। बनोरा आश्रम एक ऐसे केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है जो लोगों को स्वास्थ्य, समाजसेवा के जरिए लाभान्वित कर सके। अब इस दिशा में बाबा प्रियदर्शी राम ने शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए 8 एकड़ में विद्या मंदिर का शुभारंभ किया है।
आज के भौतिकवादी युग में स्कूल खोलना एक बिजनेस है। रायगढ़ शहर में कई उद्योगपतियों, व्यापारियों ने स्कूल खोले हैं जो शिक्षा के बजाय मोटी आय को पहला उद्देश्य मान रहे हैं। इन स्कूलों की स्थापना समाज में बदलाव लाने के लिए नहीं बल्कि व्यापारिक दृष्टि से लाभ अर्जित करने के लिए हुई है। बच्चों की फीस इतनी ज्यादा है कि कोई मध्यमवर्गीय परिवार अपने बच्चे को पढ़ा नहीं सकेगा। शिक्षा में निजी करण के साथ व्यवसायीकरण हावी हो चुका है। ऐसे समय में बनोरा में विद्या मंदिर का खुलना धनपतियों की आंखें खोलने जैसा है।
आसपास के 50 गांवों में प्रत्यक्ष प्रभाव
बनोरा में 8 एकड़ क्षेत्र में खुला विद्या मंदिर वास्तविक रूप से बदलाव लाने वाला है। आसपास के कम से कम 50 गांवों में शिक्षा का उजियारा फैलाएगा। जो बच्चे रायगढ़ के व्यापारिक स्कूलों में मोटी फीस देकर नहीं पढ़ सकते, उनके लिए विद्या मंदिर एक वरदान की तरह है। सीबीएसई पाठ्यक्रम से हजारों बच्चों को भविष्य में तैयार करने की नींव रखी गई है। करीब एक लाख वर्गफुट में निर्मित विद्यालय में 41 कक्षाएं, 9 आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास की सुविधा मिल रही है।
























You must be logged in to post a comment.