छोड़कर सामग्री पर जाएँ

खरसिया में सबसे ज्यादा अवैध प्लॉटिंग, कोई ईडब्ल्यूएस जमीन नहीं मिलती

IMG 20260830 WA0008 1

रायगढ़, (केलो प्रवाह)। रायगढ़ जिले में विकास और नियमों के लिए केवल रायगढ़ शहर ही है। सारे कानून-कायदे यहीं चलते हैं। खरसिया में कोई नियम नहीं चलता। इसीलिए प्रशासन ने भी खरसिया को ऑटो मोड में डाल रखा है। अवैध प्लॉटिंग के मामले में खरसिया सबसे आगे है। यहां हर कोने में एक नई कॉलोनी आकार लेने को तैयार है। नगर पालिका से चुटकियों में अनुमति मिल जाती है। रेरा अनुमति की कोई जरूरत ही नहीं। खरसिया शहर भी तेजी से बढ़ रहा है। कई कॉलोनाइजरों ने प्राइवेट कॉलोनी के लिए प्लॉट काटकर बेचे हैं। बिना रेरा पंजीयन के एक के बाद एक कॉलोनियां बसाई जा रही हैं। शहर के कई बड़े कारोबारी इसमें लगे हुए हैं। पिछले दिनों कलेक्टर ने बिना ईडब्ल्यूएस भूमि के कॉलोनी विकास पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

ऐसा लगता है कि इस नियम का पालन केवल रायगढ़ ब्लॉक के ही बिल्डरों को करना पड़ रहा है। खरसिया में कई जगहों पर प्लॉट काटकर बेचे गए हैं। दरअसल खरसिया में कोई भी बिल्डर ईडब्ल्यूएस के लिए जमीन नहीं देना चाहता। इसीलिए बिना अनुमति के कॉलोनियां बसाई जा रही हैं। रेरा वेबसाइट पर देखें तो हकीकत सामने आ जाती है। एक्ट लागू होने के बाद से अब तक खरसिया में केवल तीन आवासीय प्रोजेक्ट का पंजीयन हुआ है। इसमें से दो तो हाउसिंग बोर्ड के हैं। तीसरा प्रोजेक्ट तिरुपति बिल्डर्स का है जो 2021 में पूरा हो चुका है। मतलब यहां कोई रेरा एप्रुव्ड कॉलोनी नहीं बसाई गई। जो भी प्लॉट बेचे गए, अवैध कॉलोनियों के थे। नपा का होना, न होना एक समान
नगर पालिका खरसिया को शहर के अंदर कॉलोनी विकास अनुमति देने का अधिकार है। अवैध प्लॉटिंग पर एसडीएम और तहसीलदार कार्रवाई कर सकते हैं। यह सब कागजों में है। नपा क्षेत्र में कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। जो भी अपनी जमीन पर प्लॉट काटना चाहता है, उसको नपा से अघोषित अनुमति है। बिक्री नकल देने में पटवारी देर नहीं करते। यही कारण है कि खरसिया में सरकार को ईडब्ल्यूएस जमीन नहीं मिलती।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: