रायगढ़ (केेलो प्रवाह)। पूर्व सभापति जयंत ठेठवार व नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष द्वय शाखा यादव एवं नगेन्द्र नेगी ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता करते हुए नगर निगम में जलकर वसूली में विसंगति होने का आरोप लगाया। जयंत ठेठवार ने कहा कि ऐसे गरीब व मध्यम वर्ग के परिवार जो ईडब्ल्यूएस अथवा 5 सौ वर्ग फीट से कम जमीन में मकान बना कर निवासरत है उन्हें संपत्तिकर मेें छूट दी गई है, जिससे उनका जलकर भी 60 रूपए प्रतिमाह के हिसाब से लिया जाना है परंतु नगर निगम में 2 सौ रूपए प्रतिमाह के हिसाब से जलकर वसूली की जा रही है। इस तरह गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
वहीं कांग्रेस पार्षद दल ने इस मामले को लेकर नगम निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए जांच कर इस विसंगति को दूर करने एवं अब तक ली गई अतिरिक्त राशि को भविष्य के टैक्स में समायोजित करने की मांग रखी। कांग्रेस ने इसके लिए 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया है तथा निर्धारित समय में निराकरण नहीं किये जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी कांग्रेस की ओर से दी गई है। नगर निगम द्वारा गरीब, मजदूर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से बढ़ा हुआ जलकर वसूले जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस द्वारा प्रेसवार्ता कर अपनी बात विस्तार से रखी। जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि नगर निगम गरीब, मजदूर एवं निम्न-मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ अन्याय कर रहा है। जिन परिवारों से वर्षों तक 60 रुपये प्रतिमाह जलकर लिया जाता रहा, उनसे अब 200 रुपये प्रतिमाह की वसूली की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरे मामले का अध्ययन कर दस्तावेजों के आधार पर यह पाया है कि सैकड़ों पात्र परिवारों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। वहीं पार्षद एवं पूर्व सभापति जयंत ठेठवार ने कहा कि नगर निगम में जलकर लेने का मापदण्ड संपत्तिकर के आधार पर निर्धारण किया जाता है जिसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 12 फरवरी 2011 को आदेश पारित किया गया था जो आज पर्यंत तक लागू है। वहीं संपत्तिकर का निर्धारण का अधिकार नगर निगम की परिषद को है जिसके अंतर्गत 27 मार्च 2018 को हुई परिषद की बैठक में बिंदु क्रमांक 2 के तहत शहर के समस्त ईडब्ल्यूएस मकानों को संपत्तिकर से मुक्त कर दिया गया है।
उन्होंने प्रावधान को स्पष्ट करते हैं कि बताया कि ईडब्ल्यूएस श्रेणी के मकानों को संपत्तिकर से पूर्ण छूट प्रदान की गई है तथा 5 सौ वर्गफीट तक के कच्चे मकानों को भी संपत्तिकर में विशेष छूट का प्रावधान किया गया है। वहीं जलकर को दो श्रेणी मेंं बांटा गया है जिसमें जो संपत्तिकर के दायरे में नहीं आते हैं उनसे 60 रूपए प्रतिमाह एवं संपत्तिकर के दायरे में आने वालों से 2 सौ रूपए प्रतिमाह जलकर लिया जाना है परंतु सभी से दो सौ रूपए प्रतिमाह जलकर वसूला जा रहा है। जब नगर निगम ने अपने ही नियमों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देने की व्यवस्था की है, तब उन्हीं परिवारों से बढ़ा हुआ जलकर वसूलना पूरी तरह अनुचित और नियमों के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि परिषद के निर्णयों और शासन के प्रावधानों की अवहेलना कर गरीबों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना किसी भी दृष्टि से न्यायोचित नहीं है। नगर निगम को अपने ही नियमों और परिषद के पारित प्रस्तावों का सम्मान करते हुए सभी पात्र परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किए गए परीक्षण में लगभग 865 गरीब एवं निम्न-मध्यमवर्गीय परिवार ऐसे पाए गए हैं, जिन पर अनुचित रूप से अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है। यह निर्णय परिषद की भावना और गरीब हितैषी नीति के विपरीत है।
निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
पूर्व सभापति जयंत ठेठवार के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद एवं कांग्रेसजनों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि 27 मार्च 2018 के परिषद के प्रस्ताव में कर निर्धारण प्रावधान तथा छत्तीसगढ़ शासन के राजपत्र में वर्णित नियमों के अनुरूप सभी पात्र ईडब्ल्यूएस एवं गरीब परिवारों का पुन: सत्यापन किया जाए। जिन परिवारों से 60 रुपये के स्थान पर 2 सौ रुपये प्रतिमाह जलकर लिया जा रहा है, उनसे बढ़ी हुई वसूली तत्काल बंद की जाए, पूर्व में ली गई अतिरिक्त राशि का समायोजन किया जाए तथा सभी पात्र हितग्राहियों को उनका वैधानिक लाभ तत्काल प्रदान किया जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि निगम प्रशासन 10 दिनों के भीतर शीघ्र ही इस अन्यायपूर्ण व्यवस्था तथा कर विसंगतियों में सुधार की कार्यवाही नहीं करता है तो जिला कांग्रेस कमेटी गरीब, मजदूर एवं निम्न-मध्यमवर्गीय परिवारों के हितों की रक्षा के लिए चरणबद्ध जनआंदोलन छेड़ेगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
इनकी रही उपस्थिति
प्रेसवार्ता और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपने में मुख्य रुप से जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष शाखा यादव, ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी, पूर्व अध्यक्ष अनिल शुक्ला, पार्षद व पूर्व सभापति जयंत ठेठवार, नेताप्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया, वरिष्ठ कांग्रेसी दीपक पांडेय, दयाराम धुर्वे, संजय देवांगन, मुरारी भट्ट, प्रभात साहू, विकास ठेठवार, आरिफ हुसैन, संदीप अग्रवाल, वसीम खान, रितेश वैद्य, अभिषेक शर्मा, अनुराग गुप्ता, विकास शर्मा, दीपक सिंह, अमृत काटजू, प्रदीप विजय चंद्र टोप्पो, राजू बोहिदार, दीपक बी सिंह, रजत गोयल, सोनू पुरोहित, आशीष चौबे महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रानी चौहान, सहित अन्य कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
क्या कहते हैं आयुक्त
कांग्रेस के पार्षदों ने ईडब्ल्यूएस व गैर संपत्तिकरदाताओं की सूची प्रदान की है जिसमें जिसमेें करीब साढ़े 8 सौ लोग हैं। जिसमें उन्होंने मांग की है कि इनका जलकर का पुर्नवलोकन कराने कर टैक्स में जो छूट दी जानी है उसे दिलायें। उनके द्वारा दी गई सूची की जांच की जायेगी और जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जावेगी।
– ब्रजेश सिंह क्षत्रिय, आयुक्त नगर निगम
























You must be logged in to post a comment.