जशपुर। सोशल मीडिया पर हिन्दू देवी-देवताओं, धर्मग्रंथों और ऋषियों के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कुनकुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को चराईडांड़ निवासी और विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने थाना कुनकुरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 अक्टूबर 2026 को उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी नाम के अकाउंट से एक आपत्तिजनक पोस्ट देखी थी। इस पोस्ट में हिन्दू धर्मग्रंथों और देवी-देवताओं पर अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं, जिससे समाज में आक्रोश फैल गया और धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 199 और 299 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस, भागने के प्रयास के दौरान पकड़ाया
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और एसडीओपी कुनकुरी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण में कुनकुरी थाना प्रभारी भूपेन्द्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस जब आरोपी हेमंत कुमार बेदी (उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम बिहावल, पतराटोली, चौकी दोकड़ा, थाना कांसाबेल) को धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस तामील कराने पहुंची, तो उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे तत्परता से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट से आपत्तिजनक पोस्ट करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन और उसमें लगी जियो कंपनी की सिम जब्त की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसएसपी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री का प्रसार करना गंभीर अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।























