छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रथ मेला में महिला के गले से सोने की चेन चुराने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार, ड्रोन फुटेज से खुला राज

IMG 20260920 WA0137

जशपुर। दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम कस्तूरा में आयोजित रथ यात्रा मेला के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन पार करने वाली दो महिला आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ी गई महिलाओं के कब्जे से चोरी की गई लगभग 17-18 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद की गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य फरार महिला की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सन्ना रोड जशपुर निवासी सरमा देवी 16 जुलाई 2026 को अपने परिजनों के साथ कस्तूरा गांव में आयोजित जगन्नाथ रथ यात्रा मेला देखने गई थीं। मेले में भारी भीड़ के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने उनके गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी कर ली। महिला की शिकायत पर दुलदुला थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और अपराध क्रमांक 46/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

ड्रोन कैमरा के फुटेज से मिला सुराग

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मेला स्थल पर ड्रोन कैमरा से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई थी। दुलदुला पुलिस ने ड्रोन संचालक से घटना दिवस के फुटेज हासिल कर उनका बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज की जांच में प्रार्थिया के आसपास संदिग्ध रूप से खड़ी कुछ महिलाएं दिखाई दीं। पुलिस ने इन संदिग्ध महिलाओं के फोटो निकालकर विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए और मुखबिरों को सक्रिय किया।

इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि वीडियो फुटेज में दिख रही संदिग्ध महिलाएं बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम पत्ताकेला की रहने वाली हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर सोनिया बाई (30 वर्ष) और अनिता बाई (35 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में कबूला जुर्म, चोरी का जेवर बरामद

हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर चेन चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनकी एक अन्य महिला साथी भी शामिल थी, जिसे पुलिस ने चिन्हित कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई सोने की चेन बरामद कर विधिवत जब्त कर ली।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों गिरफ्तार महिला आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल फरार तीसरी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: