रायगढ़। रायगढ़ एसएसपी और आईपीएस शशिमोहन सिंह इन दिनों रील और रीयल लाइफ, दोनों ही मोर्चों पर अपना जलवा बिखेर रहे हैं। कानून व्यवस्था संभालने के साथ-साथ वे कला के माध्यम से भी समाज को नई दिशा दे रहे हैं। हाल ही में सायबर फ्रॉड के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से उनके द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म ‘खौफ’ का ट्रेलर जारी किया गया है, जिसकी सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा हो रही है। रायगढ़ जिले की कमान संभालने के बाद से एसएसपी शशिमोहन सिंह ने जिस तरह की कार्यशैली अपनाई है, उसकी चर्चा पूरे शहर में आम है।
अपराधियों में दहशत और पुलिसिंग का नया दौर
जिलेवासियों का कहना है कि लंबे समय के बाद रायगढ़ को ऐसा पुलिस कप्तान मिला है जिससे अपराध करने वाले तत्वों में भारी दहशत है। उनकी सक्रियता का असर यह हुआ है कि बड़ी-बड़ी कार्यवाहियां लगातार हो रही हैं और पुलिस विभाग में जो अधिकारी या कर्मचारी निष्क्रिय पड़े थे, वे अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। जिले के लोग शशिमोहन सिंह की इस दबंग और निष्पक्ष कार्यशैली को काफी पसंद कर रहे हैं, क्योंकि अब सही मायने में रायगढ़ में ‘पुलिसिंग’ क्या होती है, यह धरातल पर दिखाई दे रहा है।
4 अप्रैल को ‘खौफ’ फिल्म होगी रिलीज
बढ़ते सायबर अपराधों को देखते हुए आम जनता को सचेत करने के लिए एसएसपी शशिमोहन सिंह ने खुद आगे आकर ‘खौफ’ नामक शॉर्ट फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म का ट्रेलर आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा है और लोग पूरी फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह फिल्म आगामी 4 अप्रैल को रिलीज होने जा रही है। फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि कैसे एक छोटी सी लापरवाही किसी व्यक्ति को सायबर अपराधियों के जाल में फंसा सकती है और उससे कैसे बचा जा सकता है।
जागरूकता ही बचाव का सबसे उत्तम उपाय
‘खौफ’ फिल्म के जरिये सायबर अपराधी किस तरह से लोगों को अपने जाल में फंसा कर धोखाधड़ी करते हैं, इसको बहुत ही खूबसूरती से फिल्माया गया है। चूंकि सायॅबर फ्राड से बचने का सबसे उत्तम उपाय स्वयं में जागरूकता ही है, लिहाजा इस फिल्म का निर्माण जन-जागरूकता लाने के लिए ही किया गया है। एसएसपी का मानना है कि पुलिस की कार्यवाही के साथ-साथ अगर जनता जागरूक हो जाए, तो अपराधी अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं हो पाएंगे। इस फिल्म के जरिए पुलिस और जनता के बीच के संवाद को भी मजबूत करने की कोशिश की गई है।
राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजे जा चुके हैं शशिमोहन सिंह
गौरतलब है कि आईपीएस शशिमोहन सिंह की कार्यशैली एक अलग ही अंदाज में है। एक सख्त पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ उन्होंने छत्तीसगढ़ी, भोजपुरी फिल्मों और थियेटर में भी काम करते हुए रील व रीयल लाइफ दोनों में अपना जलवा बिखेरा है। उनकी अभिनय प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके द्वारा पूर्व में की गई शॉर्ट फिल्म ”कोटपा” को राष्ट्रीय पुरस्कार (National Level Award) भी मिल चुका हैं। कला और कर्तव्य का ऐसा संगम बहुत कम देखने को मिलता है, यही वजह है कि वे आज युवाओं और आम जनता के बीच प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
बहरहाल सामाजिक सरोकार से जुड़ी उनकी फिल्मों को न केवल आम जनता, बल्कि कला जगत के जानकारों ने भी सराहा है। यही वजह है कि अब उनकी नई फिल्म ‘खौफ’ को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है।


























