रायगढ़। रायगढ़ नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर जीवर्धन चौहान ने रायपुर विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रेस अधिकारी एवं भाजपा नेता आलोक सिंह से आत्मीय मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान न सिर्फ शुभकामनाओं का आदान-प्रदान हुआ, बल्कि रायगढ़ के विकास को लेकर विचार-विमर्श भी हुआ। गौरतलब है कि जीवर्धन चौहान और आलोक सिंह दोनों ही रायगढ़ शहर से आते हैं और भाजपा के सक्रिय नेता हैं। डॉ. रमन सिंह की सरकार के दौरान दोनों ही रायगढ़ नगर निगम में एल्डरमैन थे, और आज जीवर्धन चौहान उसी नगर निगम के महापौर बने हैं।
दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात में आलोक सिंह ने पुराने दिनों की यादें ताजा करते हुए जीवर्धन चौहान की नेतृत्व क्षमता और उनके शहर विकास के विजन की सराहना की। आलोक सिंह ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात को साझा करते हुए लिखा, “रायगढ़ को बेहद सीधा, सरल, सहज, मृदुभाषी महापौर मिला है। डॉ. रमन सिंह जी की सरकार में जब मैं और जीवर्धन एक साथ नगर निगम में एल्डरमैन थे, तब भी उन्होंने शहर के विकास को लेकर अपनी सोच स्पष्ट रखी थी। आज जब वह महापौर हैं, तो उनका वही समर्पण और जुनून रायगढ़ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रेरित करेगा। स्वच्छ, सुंदर, विकसित रायगढ़ की गाथा लिखने के इस सफर में उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं।”
बहरहाल महापौर जीवर्धन चौहान की इस नई भूमिका से रायगढ़वासियों को बड़ी उम्मीदें हैं। दोनों नेताओं की इस आत्मीय मुलाकात ने न केवल राजनीतिक संबंधों को और मजबूत किया बल्कि रायगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को भी रेखांकित किया।



























You must be logged in to post a comment.