रायपुर। बुधवार को रायपुर के कौशल्या विहार में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। एक स्कूटी, जिसमें तीन युवतियां सवार थीं, अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे से टकराई और फिर डिवाइडर से जा भिड़ी। इस भीषण टक्कर में स्कूटी चला रही 18 साल की आलिया खान (पिता रमजान खान) का सिर धड़ से अलग हो गया और करीब 15 फीट दूर जा गिरा। हादसे में आलिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठीं दो अन्य लड़कियां 14 साल की आलिया खान (पिता इमरोज़ खान) और 17 साल की बुशरा खान (पिता अलाउद्दीन खान)/गंभीर रूप से घायल हो गईं।
यह घटना बोरियाखुर्द के पास कौशल्या विहार में हुई, जब टिकरापारा की चौरसिया कॉलोनी की रहने वाली ये तीनों दोस्त स्कूटी पर जा रही थीं। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि स्कूटी तेज रफ्तार में अचानक बेकाबू हुई और खंभे से टकराने के बाद डिवाइडर के चबूतरे पर जा लगी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आलिया का सिर फुटबॉल की तरह उछलकर दूर जा गिरा। घायल दोनों लड़कियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

























