Skip to content

रायगढ़ में ‘ज्ञानभारतम’ मिशन का आगाज : प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटलीकरण के लिए सर्वेयरों को दिया गया प्रशिक्षण

Gyan Bharatam

रायगढ़, 16 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पांडुलिपि संरक्षण के आह्वान के अनुरूप रायगढ़ जिले में ‘ज्ञानभारतम राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान’ को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में पांडुलिपियों के सर्वे हेतु नियुक्त सर्वेयरों को ज्ञानभारतम मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य प्राचीन ज्ञान-संपदा का संरक्षण एवं डिजिटलीकरण सुनिश्चित करना है।

संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल ने बताया कि ज्ञानभारतम मिशन के अंतर्गत जिले में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों, हस्तलिखित ग्रंथों एवं ताड़पत्रों का सर्वेक्षण 15 जून तक पूर्ण किया जाना है। इसके लिए नियुक्त सर्वेयरों द्वारा घर-घर एवं संस्थागत स्तर पर जानकारी संकलित कर ‘ज्ञानभारतम’ मोबाइल एप में दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का माध्यम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक ज्ञान की इस अमूल्य धरोहर को सुरक्षित रूप से पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास भी है।

उन्होंने बताया कि पांडुलिपियों के चिन्हांकन, सर्वेक्षण एवं डिजिटलीकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ग्राम एवं वार्ड स्तर पर सर्वेयरों की नियुक्ति की जा रही है तथा उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। साथ ही पांडुलिपि संग्रहकर्ताओं एवं संबंधित संस्थाओं से संपर्क कर अधिक से अधिक पांडुलिपियों की जानकारी संकलित की जा रही है।

प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके पास कोई प्राचीन पांडुलिपि, हस्तलिखित दस्तावेज या ताड़पत्र सुरक्षित हैं, तो वे इस अभियान में सहभागिता करते हुए उनकी जानकारी साझा करें। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाया जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि ‘ज्ञानभारतम राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान’ के अंतर्गत प्रदेशभर में पांडुलिपियों के सर्वे, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिससे हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं बौद्धिक परंपरा को सुरक्षित रखा जा सके। रायगढ़ जिले में इस अभियान को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने हेतु प्रशासन सतत प्रयासरत है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: