- बोगस बिलिंग और टैक्स चोरी के संदेह में हुई कार्रवाई, छड़-सीमेंट के बड़े डीलर
रायगढ़, 28 अगस्त। वाणिज्यिक कर विभाग ने राजस्व वसूली के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। सारंगढ़ में छड़-सीमेंट के बड़े डीलर फर्म कुमार बानी के संचालक अंकुर केशरवानी के दुकान और गोदाम में छापा मारा है। बताया जा रहा है कि सेंट्रल जीएसटी की टीम ने कार्रवाई की है। जीएसटी लागू होने के बाद सरकार ने इसकी मॉनिटरिंग और टैक्स चोरी को पकडऩे के लिए व्यवस्था में कसावट की। इसके बावजूद बोगस बिलिंग और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट के मामले रुक ही नहीं रहे। कई फर्म बाजार में तो करोड़ों का कारोबार कर रहे हैं लेकिन टैक्स बहुत कम चुका रहे हैं। ऐसे व्यापारियों पर कार्रवाई की जा रही है।
सेंट्रल जीएसटी की टीम ने इस बार सारंगढ़ का रुख किया है। कचहरी चौक स्थित फर्म कुमार बानी संचालक अंकुर केशरवानी के ठिकाने पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि संचालक दादू केशरवानी के पास बड़ी सीमेंट कंपनियों और छड़ ब्रांड की डीलरशिप थी। दुकान तो छोटी सी है लेकिन, गोदाम में करोड़ों का माल भरा है। कच्चे में ज्यादा डीलिंग की जाती थी। लंबे समय से फर्म द्वारा चुकाए जा रहे टैक्स पर नजर रखी जा रही थी। बुधवार को जीएसटी टीम ने छापा मारा। देर रात तक छापेमारी जारी रही। करोड़ों का लेन-देन बिना बिल के किए जाने की जानकारी मिली है। इस पर कार्रवाई की जा रही है।
पुसौर की फर्म पर हुई थी छापेमारी
हाल ही में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने रायगढ़ के शिवम हार्डवेयर, खरसिया के आलोक अग्रवाल और पुसौर के राजेश पटेल की फर्म पर छापेमारी की थी। इसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ी मिली है। अब सारंगढ़ की फर्म में छापेमारी की जा रही है। लगातार कार्रवाई के बावजूद कारोबारी अपने पुराने पैटर्न को नहीं बदल रहे हैं। सरकार को राजस्व हानि हो रही है।
























