रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2026 के लिए सार्वजनिक, सामान्य और ऐच्छिक छुट्टियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस संबंध में राज्य शासन द्वारा राजपत्र अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार वर्ष 2026 में सरकारी दफ्तरों में कार्यरत कर्मचारियों को कुल 107 दिनों का अवकाश मिलेगा।
अधिसूचना में बताया गया है कि 2026 में 18 सार्वजनिक अवकाश, 28 सामान्य अवकाश और 61 ऐच्छिक अवकाश निर्धारित किए गए हैं। यह अवकाश व्यवस्था सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर लागू होगी। शासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वे इसी सूची के आधार पर अपनी वार्षिक कार्ययोजना तैयार करें, ताकि प्रशासनिक कार्यों पर कोई प्रभाव न पड़े।
रविवार को पड़ रहे बड़े त्यौहार
गौरतलब है कि वर्ष 2026 में महाशिवरात्रि और दीपावली दोनों रविवार को पड़ रहे हैं। ऐसे में इन त्योहारों पर मिलने वाला अवकाश नियमित साप्ताहिक छुट्टी के साथ ही होगा। अधिकारियों ने कहा कि अवकाश सूची सभी विभागों को भेज दी गई है ताकि कर्मचारी अपने निजी कार्यक्रमों की योजना पहले से बना सकें।























