छोड़कर सामग्री पर जाएँ

छत्तीसगढ़ में पहली बार कोच गौतम गंभीर का क्रिकेट कैंप, रायपुर में खिलाड़ियों को क्रिकेट की ट्रेनिंग देकर निखारेंगे गौतम

0s94sito gautam gambhir 625x300 17 November 24 1

रायपुर: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच और पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने आज एक वीडियो संदेश जारी कर अपने नेतृत्व में आयोजित होने वाले क्रिकेट मास्टरक्लास और प्रशिक्षण शिविर की घोषणा की। उन्होंने युवा क्रिकेटरों से अपील की कि वे अपनी क्रिकेट कौशल को निखारने और बेहतर प्रदर्शन के लिए इस ट्रेनिंग कैंप का हिस्सा बनें। यह शिविर अप्रैल-मई 2025 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन एकाना और अरण्य के सहयोग से किया जा रहा है। बताया जा रहा कि ऐसा पहली बार होने वाला है जब कोई स्टार खिलाड़ी और इंडियन क्रिकेट टीम का कोच अपनी मौजूदगी में प्रदेश के युवाओं को क्रिकेट के लिए ट्रेंन करेंगे।

गंभीर ने अपने वीडियो संदेश में कहा, “यह कैंप युवा क्रिकेटरों के लिए एक सुनहरा अवसर है। मेरे साथ-साथ अनुभवी कोचों की टीम इस शिविर में शामिल होगी, जो युवाओं को क्रिकेट के हर पहलू में मार्गदर्शन देगी।” इस मास्टरक्लास में मयंक सिद्धाना (पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर और दिल्ली रणजी टीम के पूर्व चयनकर्ता), सुहैल शर्मा (पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर और इंडिया कैपिटल्स के सहायक कोच), और अतुल रानाडे (पूर्व भारत सी टीम फील्डिंग कोच) जैसे दिग्गज कोच भी अपनी विशेषज्ञता साझा करेंगे।

छत्तीसगढ़ के लिए यह पहला मौका होगा, जब कोई वर्तमान भारतीय कोच राज्य के युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए आएंगे। इस कैंप को लेकर स्थानीय क्रिकेटरों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। ट्रायल का आयोजन 22 और 23 मार्च 2025 को रायपुर के अवंती विहार के पास स्थित एमर्जिंग क्रिकेट ग्राउंड पर होगा।

आयोजकों ने इस कैंप को सभी के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से फीस में कटौती की है। 16 वर्ष से अधिक आयु के छात्रों के लिए फीस 10,000 रुपये और 16 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों के लिए 8,000 रुपये निर्धारित की गई है। इस फीस में क्रिकफेस्ट किट (गौतम गंभीर द्वारा हस्ताक्षरित टी-शर्ट और कैप), पोषण स्नैक्स, हाइड्रेशन, परिवहन सेवा, भविष्य में छात्रवृत्ति के अवसर और गंभीर के साथ विशेष मेंटरशिप सत्र शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ में क्रिकेट के प्रति बढ़ते उत्साह और लगातार हो रहे आयोजनों से राज्य में क्रिकेट के सुनहरे दिनों की उम्मीद जगी है। इस कैंप के बारे में अधिक जानकारी और रजिस्ट्रेशन के लिए इच्छुक खिलाड़ी मोबाइल नंबर +91 8815499614 पर संपर्क कर सकते हैं या ईमेल [email protected] के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं। गंभीर के नेतृत्व में यह पहल न केवल युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ में क्रिकेट के विकास को भी नई दिशा दे सकती है।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: