छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ में महिला झपटमार गिरोह का भंडाफोड़: इको कार से आता था पॉकेटमार गैंग, 5 महिलाओं समेत 6 गिरफ्तार

6E0A486E0A4B0E0A58BE0A4AAE0A580E0A485E0A4B0E0A587E0A4B8E0A58DE0A49F
  • लैलूंगा पुलिस ने लूटी गई सोने की चैन समेत 7 लाख की संपत्ति की जब्त, बलरामपुर से जुड़े हैं आरोपियों के तार

रायगढ़। जिले के लैलूंगा साप्ताहिक बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर पाकेटमारी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। शनिवार को बाजार में एक सेवानिवृत्त शिक्षिका के गले से सोने की चैन लूटने की वारदात के बाद, मौके पर तैनात सशस्त्र पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को दबोच लिया। बाद में पुलिस ने अंतर-जिला समन्वय के जरिए बलरामपुर से संचालित इस गिरोह की पांच महिलाओं और एक पुरुष सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटी गई 18 ग्राम सोने की चैन, वारदात में प्रयुक्त इको कार और मोबाइल फोन सहित 7 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

सब्जी खरीदते वक्त रिटायर्ड शिक्षिका बनीं शिकार

लैलूंगा के इमलीपारा वार्ड क्रमांक 04 निवासी 67 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो शनिवार, 13 जून को अपने पति के साथ स्थानीय साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान भीड़भाड़ के बीच पीछे से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चैन झपट ली। वारदात के बाद मुड़कर देखने पर उन्हें कुछ संदिग्ध महिलाएं वहां दिखाई दीं। पीड़िता ने तत्काल इस घटना की सूचना लैलूंगा पुलिस को दी।

महिला आरक्षक की तत्परता से पकड़ाया पहला सुराग

बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग और रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर इन दिनों सभी ग्रामीण साप्ताहिक बाजारों में सशस्त्र पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जा रही है। लैलूंगा बाजार में भी थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिसकर्मी मुस्तैद थे। चैन स्नैचिंग की सूचना मिलते ही बाजार में गश्त कर रहीं महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से तत्काल संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को पकड़ लिया। थाने में हुई सघन पूछताछ में मंगरीता ने अपने साथी दीपक गिरी के बारे में बताया, जिसे पुलिस ने बाजार क्षेत्र से ही हिरासत में ले लिया।

जशपुर में छिपी थीं गिरोह की अन्य महिलाएं, देर रात दी गई दबिश

मंगरीता और दीपक से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे बलरामपुर जिले के राजपुर थाना अंतर्गत बगाड़ी गांव के निवासी हैं। वे अपने परिवार की चार अन्य महिलाओं के साथ एक इको वाहन (सीजी 30 जे 8035) से कुसमी क्षेत्र से लैलूंगा पहुंचे थे। यह संगठित गिरोह ग्रामीण मेलों और हाट-बाजारों को अपना निशाना बनाता था। वारदात को अंजाम देने के बाद गिरोह की बाकी सदस्य जशपुर जिले में अपने परिचितों के यहां छिपने चली गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तुरंत जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर पुलिस से संपर्क कर जानकारियां साझा कीं। इसके बाद लैलूंगा पुलिस की टीम ने जशपुर में देर रात दबिश देकर रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए सभी 6 आरोपी

सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई 2 लाख रुपये कीमत की 18 ग्राम सोने की चैन (लॉकेट सहित), 5 लाख रुपये की इको कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। थाना लैलूंगा में सभी 6 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हाट-बाजारों में सुरक्षा को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और आम नागरिकों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

न्यूज एडिटर

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय से वर्ष 1988 से निरंतर प्रकाशित हो रहे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' के 'Digital Wing' में News Editor की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। Finance (NBFC) क्षेत्र के 15 वर्षों के अनुभव के बाद इन्होंने 'RIG24 Media Network' से Journalism की शुरुआत की और कार्य के दौरान ही 'BJMC' की Professional Degree प्राप्त की। ​विकास अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के Web News Portal और Social Media Platforms का संचालन एवं संपादन कर रहे हैं। ये विशेष रूप से क्षेत्रीय घटनाक्रम, Exclusive रिपोर्ट्स, सीएम की गतिविधियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ Agriculture, Politics, Finance, Infrastructure, Development, Employment, Sports, Career, Current Affairs, सामाजिक, देश-प्रदेश और शासन-प्रशासन से संबंधित कई विषयों पर निरंतर लेखन कर रहे हैं, जो पाठकों की जरूरत के अनुसार उपयोगी हों।

Share: