- पटवारी पंचानामा के बावजूद पहाड़ और चट्टान किया था आवंटित, अब लैंड स्लाइड का खतरा
रायगढ़, 8 अगस्त। बहुत जल्द रायगढ़ में भी हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की तरह भूस्खलन की घटना हो सकती है। गजमार पहाड़ी में आश्रम और गार्डन बनाने जमीन आवंटन का जो खेल शुरू किया गया था, अब वह अतिक्रमण की ओर मुड़ गया है। उन्नायक सेवा समिति ने जिस हिस्से को काटा है, वहां आने वाले समय में मूसलाधार बारिश की वजह से लैंड स्लाइड हो सकता है। वन प्रबंधन समिति ने गजमार पहाड़ी कक्ष क्रमांक 1010 आरएफ में अतिक्रमण की शिकायत की है। आरक्षित वन भूमि को क्षति पहुंचाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
दरअसल, पहाड़ को नुकसान पहुंचाने का काम राजस्व विभाग ने शुरू किया था। उन्नायक सेवा समिति ने पुराने अनाथाश्रम के सामने ही नया भवन और गार्डन बनाने के लिए जमीन मांगी। यह जानते हुए भी कि यहां समतल जमीन नहीं बल्कि पहाड़ है, जमीन आवंटित करने का आदेश किया गया। पहाड़ में करीब एक एकड़ हिस्से को काटकर समतल कर दिया गया। एक तरफ से पहाड़ को बहुत अधिक क्षति पहुंचाई गई। इसकी देखादेखी अब यहां दूसरे लोग अतिक्रमण करने लगे हैं।
पहाड़ पर जमीन आवंटित करने का जादुई काम भी यहां के राजस्व अधिकारी कर चुके हैं। पटवारी ने प्रतिवेदन में पहाड़ और चट्टान होने की जानकारी दी थी। फिर भी जबर्दस्ती जमीन आवंटित की गई। अब तो रिजर्व फॉरेस्ट की भूमि पर भी अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। पहाड़ को किसी भी हाल में आवंटित नहीं किया जाना चाहिए। लेकिन नायब तहसीलदार ने अतिक्रमित भूमि को संस्था को आवंटित करने की अनुशंसा कर दी।
दस हजार वर्ग मीटर पर सेवा समिति का अतिक्रमण
इसकी कहानी भी अजीब है। उन्नायक सेवा समिति सात अलग-अलग संस्थाओं का संचालन करती है जिसके लिए जगह कम पड़ रही थी। समिति प्रमुख मोहंती को कहीं और जमीन आवंटित करने की मांग करनी थी, लेकिन उसने गजमार पहाड़ी को ही मांग लिया। बेंद्राचुआं में खसरा नंबर 18 रकबा 3.367 हे. को ही आवंटित करने की मांग की गई। हल्का पटवारी से प्रतिवेदन लेने पर पता चला कि समिति ने पहले से ही 0.991 हे. में गड्ढा खोदकर कब्जा कर लिया है। पटवारी ने लिखा कि घास मद की भूमि मौके पर पहाड़ और चट्टान के रूप में मौजूद है। इसके बावजूद जमीन आवंटन के लिए फाइल चलाई गई। अब वहां एक-दो नहीं कई लोगों ने पहाड़ पर मकान बना लिए हैं।

























