रायगढ़। तमनार क्षेत्र के ग्राम नागरामुड़ा में उद्योग द्वारा ग्रामीणों की जमीन की नाप जोख करने के विरोध में ग्रामवासी भारी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंच कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कंपनी द्वारा की जा रही ब्लास्टिंग के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। तमनार क्षेत्र के नागरामुड़ा गांव के रहवासियों ने जिला मुख्यालय पहुंच कर कलेक्टर कार्तिकेया गोयल को ज्ञापन सौंपते हुए उनके गांव में उद्योग प्रबंधन द्वारा की जा रही नाप जोख एवं प्लाटिंग पर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के लोगों द्वारा ज्ञापन के माध्यम से बताया कि वे नागरामुड़ा के स्थाई निवासी है तथा अधिकांश लोग छोटे गरीब किसान है। गांव में कृषि और मजदूरी का काम करते हैं। उनके गांव में उद्योग के अधिकारी व कर्मचारी ग्राम पंचायत सचिव व हल्का पटवारी से सांठ गांठ कर किसानों की जमीन को बिना किसी नोटिस अथवा इश्तहार के नाप जोख करने व प्लाङ्क्षटग का काम किया जा रहा है।
मना करने पर कलेक्टर का आदेश होना बताया जाता है। हमें संदेह है कि संबंधित उद्योग द्वारा हमारी जमीन को हड़पने का प्रयास किया जा रहा है तथा आने जाने के रास्ते को भी बंद किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि कंपनी द्वारा की जा रही प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाते हुए कार्रवाई की जाए।


















