- नदी को अघोषित डंपयार्ड बनाए जाने संबंधी प्रकाशित खबर पर लिया स्वत: संज्ञान, कलेक्टर, सीपीसीबी, सीईसीबी और पर्यावरण मंत्रालय को बनाया पार्टी
रायगढ़, 7 अगस्त। केलो नदी को डंपिंग यार्ड बनता देखकर न तो नगर निगम ने कुछ किया और न ही यहां के लोकल नेताओं ने कोई आवाज उठाई, लेकिन नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल चुप नहीं रहा। केलो प्रवाह में प्रकाशित समाचार पर एनजीटी ने स्वत: संज्ञान लिया है। एनजीटी ने कलेक्टर, सीपीसीबी, सीईसीबी और पर्यावरण, वन एवं जलवायु मंत्रालय छग को नोटिस जारी किया है। प्रदूषण को ठीक करना सभी चाहते हैं लेकिन प्रयास कोई नहीं करना चाहता। लोग चाहते हैं कि उनका रायगढ़ स्वच्छ रहे लेकिन कचरा डिस्पोजल के नियम मानने को तैयार नहीं हैं। नगर निगम भी चाहता है कि शहरी क्षेत्र स्वच्छ रहे लेकिन इसके लिए जरूरी कड़े कदम नहीं उठाए जाते।
जिला प्रशासन भी नगर निगम समेत सभी निकायों से स्वच्छता की उम्मीद करता है लेकिन कोई कार्ययोजना ही प्रस्तुत नहीं करता। यही कारण है कि न तो शहर का शतप्रतिशत ठोस अपशिष्ट उठ रहा है और न ही सारी नालियां एसटीपी से कनेक्ट हुईं। केलो नदी को जब देश की 351 प्रदूषित नदियों में शामिल किया गया, तब से अब तक केवल दो एसटीपी ही बनी है। ठोस अपशिष्ट को केलो नदी में डालने से रोकने और सफाई के लिए नगर निगम ने कोई प्लानिंग ही नहीं की। कचरा कलेक्शन नहीं हुआ इसलिए लोगों ने घरों का कचरा केलो नदी में डाला। पूरी नदी में कचरे और गंदगी का अंबार है।
कयाघाट से खर्राघाट के बीच ही चार स्पॉट पर नाली का पानी बिना एसटीपी में उपचारित हुए सीधे नदी में मिल रहा है। इसके अलावा नदी किनारों और पुल के नीचे कचरा डाला जा रहा है।किनारे रहने वाले मोहल्लों का पूरा कचरा केलो नदी में डाला जा रहा है। कयाघाट से लेकर खर्राघाट के बीच कहीं भी नदी साफ नहीं दिखती। इस समस्या को केलो प्रवाह ने 9 जून 2024 को प्रकाशित किया था। एनजीटी ने समाचार पर स्वत: संज्ञान लिया है। इस प्रकरण में कलेक्टर, सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड, छग इन्वारमेंट कंजरवेशन बोर्ड और पर्यावरण मंत्रालय को नोटिस जारी किया है।

नगर निगम को क्यों नहीं बनाया पक्षकार
इस मामले में एनजीटी ने गंदगी के लिए जिम्मेदार नगर निगम को पक्षकार नहीं बनाया जबकि शहर की सीमा में केलो नदी को साफ रखने की जिम्मेदारी निगम की ही है। एनजीटी ने केलो प्रवाह में प्रकाशित समाचार पर सभी को नोटिस जारी किया है। मामले की सुनवाई अब भोपाल सेंट्रल जोन बेंच में चलेगी। 29 सितंबर को इसकी अगली सुनवाई है।

रोज निकल रहा 58 टन सॉलिड वेस्ट
एनजीटी में सॉलिड वेस्ट को लेकर भी एक केस चल रहा है। मुख्य सचिव की ओर से हर छह महीने में एक रिपोर्ट एनजीटी में प्रस्तुत करनी होती है। इस रिपोर्ट के मुताबिक रायगढ़ नगर निगम में करीब 1.71 लाख जनसंख्या से प्रतिदिन 58 टन सॉलिड वेस्ट निकलता है। इसमें से 34.8 टन गीले कचरे को कम्पोस्ट बनाया जाता है।

जबकि 23.2 टन सूखे कचरे को रिसायकल करके रीयूज कर लिया जाता है। तो फिर केलो नदी में जो कचरा डाला जाता है, वह कहां से आता है। दरअसल शहर का पूरा कचरा अभी भी एकत्रित नहीं किया जा सका है। सॉलिड वेस्ट और सीवरेज दोनों के डाटा में गैप है, जिसका एनालिसिस कोई नहीं कर रहा है।



























You must be logged in to post a comment.