जशपुर। जिले के वनांचल क्षेत्र में हाथियों के उत्पात का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में, नगर पंचायत बगीचा के वार्ड संख्या-9, गम्हरिया गांव में एक दंतैल हाथी ने एक जानलेवा हमला किया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे, बगीचा नगर पंचायत के वार्ड नं 9 के गम्हरिया गांव में एक जंगली दंतैल हाथी ने बगीचा के डीएवी स्कूल जाने वाले मार्ग पर स्थित एक घर पर हमला किया। हाथी ने पहले घर को ध्वस्त किया और फिर उसके अंदर घुस गया। घर में मौजूद पिता रामकेश्वर सोनी (35 वर्ष), पुत्री रवीता सोनी (09 वर्ष), चाचा अजय सोनी (25 वर्ष), और पड़ोसी अश्विन कुजूर (28 वर्ष) को हाथी ने कुचल डाला।
बताया जा रहा है कि रात को पिता और पुत्री पर हाथी ने हमला किया, जिससे चीख-पुकार मच गई। चीखें सुनकर पड़ोसी युवक अश्विन कुजूर मौके पर पहुंचा, तो हाथी ने उसे भी कुचलकर मार डाला। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिता और पुत्री की चीख सुनकर चाचा अजय सोनी ने भी मौके पर पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उसे भी लपेटे में ले लिया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और आगे की कार्रवाई शुरू की। शवों को रात में ही बगीचा अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां आज पोस्टमॉर्टम की तैयारी की जा रही है। घटना की जांच जारी है और वन विभाग ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। इस घटना ने इलाके में भय और चिंता की लहर पैदा कर दी है, और लोगों ने वन विभाग से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


























You must be logged in to post a comment.