रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से आज एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां पोरडी के पास लकड़ी से लदे एक ट्रैक्टर और बाइक के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, ग्राम बुलेकेरा का रहने वाला 20 वर्षीय रामधन राठिया अपने साथी नोमेश राठिया के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि रामधन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय नोमेश के पैर में गंभीर फैक्चर आया है।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर लकड़ी से पूरी तरह लदा हुआ था और उसे चला रहा ड्राइवर शराब के नशे में धुत था, जिसकी वजह से वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक गिरफ्तारी के डर से मौके से फरार हो गया है। घायल नोमेश को तुरंत इलाज के लिए घरघोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
इस दुखद घटना से बुलेकेरा गांव और आसपास के इलाके के ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है। सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही से हो रही मौतों को लेकर लोग काफी दुखी और गुस्से में हैं।























