छोड़कर सामग्री पर जाएँ

पुसौर के लिए 25 करोड़ का गौरव पथ मंजूर

E0A4AAE0A581E0A4B8E0A58CE0A4B0E0A4A8E0A497E0A4B0E0A4AAE0A482E0A49AE0A4BEE0A4AFE0A4A4
  • शहर के अंदर 14 मीटर चौड़ी 4 किमी लंबी बनेगी सड़क, अवैध कब्जे हटेंगे

रायगढ़। आखिरकार पुसौर नगर पंचायत क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग गौरव पथ को मंजूरी मिली है। करीब 25 करोड़ की लागत से 4 किमी रोड बनाई जाएगी। ट्रैफिक का दबाव बढ़ने के बाद लगातार मांग की जा रही थी। जनसंख्या के लिहाज से भी वर्तमान रोड संकरी हो रही थी। एनटीपीसी लारा प्लांट स्थापित होने के बाद पुसौर नगर पंचायत क्षेत्र का भाग्य बदल गया। आबादी तेजी से बढ़ी लेकिन सड़कें सिकुड़ने लगीं। नगर पंचायत ने कभी पुसौर शहर को बेहतर करने पर ध्यान नहीं दिया। किसी भी नगरीय क्षेत्र का विकास सबसे पहले सड़कों से देखा जाता है। उद्योग प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पुसौर में अचानक से आबादी बढ़ी है।

रोजमर्रा की चीजों के अलावा निर्माण सामग्री, कपड़े आदि की दुकानों में बढ़ोतरी हुई। हाल के दो सालों में पुसौर व्यापारिक दृष्टि से भी समृद्ध हो गया है लेकिन उसी अनुपात में सुविधाएं बढ़नी चाहिए थी, जो नदारद हैं। पुसौर नगर पंचायत का मुख्य मार्ग बोरोडीपा चौक से बाजार पड़ाव तक सिकुड़ता चला गया। दोनों ओर दुकानें आगे बढ़ती जा रही हैं। रोड पर ही गाड़ियां पार्क हो रही हैं। कई दुकानों ने सामने की जमीन पर शेड डालकर सामान फैला लिए हैं।
अब पुसौर की समस्या को दूर करने के लिए गौरव पथ निर्माण को मंजूरी मिली है।

तहसील कार्यालय से तीन तराई चौक तक करीब 4 किमी रोड को गौरव पथ बनाया जाएगा। बीच में डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट लगेगी। इसके दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी रोड होगी। वर्तमान रोड की चौड़ाई कुल 7 मीटर है। पुसौर नगर पंचायत क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण धड़ल्ले से हो रहा है। रोड किनारे की शासकीय जमीन पर दुकानें बना ली गई हैं। गौरव पथ बनने से सड़क की चौड़ाई 14 मीटर हो जाएगी। इसके बाद दोनों ओर नाली का भी निर्माण संभावित है। जिन्होंने भी अतिक्रमण किए हैं, उन पर कार्रवाई तय है।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

न्यूज एडिटर

विकास पाण्डेय ने RIG24 Media Network से Journalism की शुरुआत की। Finance (NBFC) क्षेत्र में 15 वर्षों के अनुभव के बाद उन्होंने BJMC की Professional Degree प्राप्त की। अक्टूबर 2021 से वे ‘केलो प्रवाह’ की Digital Journalism से जुड़े हैं और Web News Portal के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे क्षेत्रीय घटनाक्रम, Exclusive Reports, Politics, Finance, Infrastructure, Employment, Development, Crime और जनहित के मुद्दों पर निरंतर लेखन करते हैं।

Share: