छोड़कर सामग्री पर जाएँ

क्या आप जानते हैं ‘जिहाल-ए-मिस्कीं मकुन बरंजिश’ का मतलब? ज्यादातर लोग हैं अनजान, गाने से भी सुंदर है इसका अर्थ

IMG 20241025 WA0022

नई दिल्ली: हिंदी फिल्म संगीत ने अनगिनत यादगार गीत दिए हैं, जिनमें से एक है ‘जिहाल-ए-मिस्कीं’। यह गीत श्रोताओं के दिलों में इस कदर बसा है कि लोग इसे बार-बार गुनगुनाते हैं, चाहे वे इसके शाब्दिक अर्थ से अनजान ही क्यों न हों। यह गीत, जिसे महान गायिका लता मंगेशकर और शब्बीर कुमार ने गाया था, केवल एक संगीत रचना नहीं है, बल्कि यह अमीर खुसरो की कविता का एक हिस्सा भी प्रस्तुत करता है। अमीर खुसरो एक महान कवि और सूफी संत थे, जो अपनी रचनाओं में भाषा की जटिलताओं को बड़ी ही खूबसूरती से प्रस्तुत करते थे। उन्होंने हिंदी और फारसी भाषाओं को मिलाकर कई अनमोल रचनाएं दी हैं, जिनमें से एक है – ‘जिहाल-ए-मिस्कीं’। खुसरो की यह कविता दिल की गहराइयों को छू जाती है, क्योंकि इसमें प्रेम, विरह और व्यथा के भावों को अद्वितीय तरीके से उकेरा गया है।

यह गीत 1985 में आई फिल्म ‘गुलामी’ में शामिल किया गया था, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती और अनीता राज पर यह गीत फिल्माया गया था। गुलजार जैसे गीतकार ने इस गीत के बोल लिखे, जिन पर अमीर खुसरो की लेखनी का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है। यह गीत इतना खूबसूरत बना कि आज भी यह लोगों के दिलों में बसा हुआ है। लता मंगेशकर के इस गाने का संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने रचा था। इस फिल्म के गानों की तरह कहानी भी शानदार थी, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती औऱ अनिता राज के अलावा धर्मेंद्र, नसीरुद्दीन शाह,रीना रॉय और स्मिता राज ने काम किया था। फिल्म का निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था।

जिहाल-ए-मिस्कीं की पंक्तियों का विश्लेषण

अमीर खुसरो की इस रचना में कई पंक्तियाँ हैं जो ब्रजभाषा और फारसी के मेल से बनी हैं। उदाहरण के लिए:

ज़िहाल-ए मिस्कीं मकुन तगाफ़ुल,
दुराये नैना बनाये बतियां,
कि ताब-ए-हिजरां नदारम ऐ जान,
न लेहो काहे लगाये छतियां।

इसका अर्थ होता है कि ” ‘बातें बनाकर, आंखें चुराकर मेरी बेबसी को अनदेखा न कर, जुदाई की तपन से मेरी जान निकल रही है, मुझे अपने सीने से क्यों नहीं लगा लेते।’ यहाँ खुसरो ने बारीकी से प्रेमी की व्यथा और उसकी तड़प को उकेरा है, जो आज के दौर में भी लोगों के दिलों को छूता है। इस रचना से प्रेरित होकर गीतकार गुलजार ने ‘गुलामी’ फिल्म के गाना ‘जिहाल-ए-मिस्कीं’ लिखा-

जिहाल-ए-मिस्कीं मकुन बरंजिश
बेहाल-ए-हिजरा बेचारा दिल है
सुनाई देती है जिसकी धड़कन
तुम्हारा दिल या हमारा दिल है’

इस गीत का अर्थ कुछ ऐसा है- ‘मेरे दिल की फिक्र करो, इससे खफा न हो, बेचारे दिल ने जुदाई की तकलीफ सही है, ‘जिहाल-ए-मिस्कीं’ की सबसे खास बात यह है कि इसमें संगीत और साहित्य का एक अद्भुत समागम है। एक ओर जहाँ गुलजार के शब्द इस गीत में जान डालते हैं, वहीं लता मंगेशकर और शब्बीर कुमार की सुरीली आवाज इसे अमर बना देती है।

यहां सुनिये गीत

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: