रायगढ़। शहर में बूढ़ी माई मंदिर ट्रस्ट समिति की बेशकीमती जमीन पर कब्जे के मामले में आखिरकार एक बार फिर जांच शुरू हो गई है। एसडीएम के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय टीम ने सोमवार से सीमांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूर्व में भी प्रशासनिक टीम ने जांच की थी जिसमें कब्जाधारियों की सूची तो बनाई गई थी परंतु किसका कितना कब्जा है इसकी कोई सुध नहीं ली थी जिससे उस वक्त मामला ठंडे बस्ते में चला गया था। वहीं अब पुन: ट्रस्ट की ओर से दिये गये आवेदन पर सीमांकन का कार्य प्रारंभ किया गया है। नगर की कुलदेवी बूढ़ी माई मंदिर के ट्रस्ट की करोड़ों रूपए की जमीन पर हुए बेजाकब्जा को खाली नहीं कराया जा सका है। पूर्व में ट्रस्ट की मांग पर जमीन की जांच कर अतिक्रमणकारियों की सूची तो बना ली थी, लेकिन किसका कितना कब्जा है इसकी जांच नहीं हो पाई थी।
ट्रस्ट की जमीन पर 45 से अधिक कब्जे पाए गए थे। वहीं अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई अधर में लटक गई थी, जिसको देखते हुए बेजाकब्जाधारियों ने बचा हुआ निर्माण कार्य भी पुरा कर लिया। बताया जा रहा है कि बूढ़ी माई मंदिर ट्रस्ट को मंदिर से लेकर कोतरा रोड रेलवे क्रासिंग तक मिली तकरीबन 9 एकड़ जमीन बेजा कब्जे का शिकार हो गई है। ट्रस्ट की करोड़ों की जमीन शहर के पॉश क्षेत्र में होने की वजह से भूमि पर मकान, दुकान, गोदाम हॉस्पिटल, पार्क और शोरूम तक बन गए हैं। इतना ही नहीं पुलिस थाने का निर्माण भी हो गया है। इधर मामले को अधर में लटके देख ट्रस्ट की ओर से एक बार फिर ट्रस्ट की जमीन पर कब्जे की शिकायत जिला कलेक्टर से की थी।
मामले में ट्रस्ट ने नक्शा खसरा और जमीन सम्बंधी दस्तावेजों में छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया था, जिसके बाद कलेक्टर ने जमीन का सीमांकन कर मामले की जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन 2 महीने से जांच प्रक्रिया अटकी हुई थी। वहीं अब एसडीएम ने मामले में पांच सदस्यीय टीम गठित कर जमीन का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार से ट्रस्ट की जमीन पर सीमांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गइ है। माना जा रहा है कि सीमांकन के दौरान कई बड़े रसूखदारों के बेजा कब्जे सामने आएंगे। वहीं नजूल विभाग, राजस्व निरीक्षक व पटवारी की पांच सदस्यीय प्रशासनिक टीम 7 दिनों तक ट्रस्ट की जमीन का सीमांकन करेगी। सीमांकन के बाद बेजा कब्जे की पुष्टि पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते हैं तहसीलदार
बूढ़ी माई मंदिर ट्रस्ट की जमीन का प्रशासनिक टीम ने जांच शुरू कर दी है जो कि 7 दिनों तक ट्रस्ट की जमीन का सीमांकन करेगी। ट्रस्ट की ओर से बेजाकब्जा होने की शिकायत मिली थी। इस पर सीमांकन शुरू किया गया है। जांच पुरी होने के बाद ही वास्तविक जानकारी सामने आ पायेगी जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
– शिव कुमार डडसेना, तहसीलदार रायगढ़























