रायपुर। तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर चाकूबाजी की एक और घटना सामने आई है, जिसमें अंबिकापुर कलेक्टोरेट के ड्राइवर की निर्मम हत्या कर दी गई। ड्राइवर सरकारी काम से रायपुर आए थे और घटना के दौरान तेलीबांधा में मोबाइल लूटने के विवाद में 3 बाइक सवार लुटेरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, और तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिनों पहले ही मरीन ड्राइव पर दिनदहाड़े एक युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद आरोपी युवक ने तेलीबांधा तालाब में छलांग लगाकर भागने की कोशिश की थी। पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने तालाब से युवक को निकालकर गिरफ्तार कर लिया, जबकि घायल युवती ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया था।
पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
























