- कहा- “अटल जी का नेतृत्व और नीतियां देश और छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले गईं”
रायपुर, 25 दिसम्बर 2024। पूरे देश में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के अवंति विहार चौक पहुंचकर अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की ।मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ के लोगों की भावनाओं को समझने और उनका सम्मान करने वाले महान राजनेता थे। उनका नेतृत्व, दूरदृष्टि और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत है ।उन्होंने आगे कहा, “अटल जी की नीतियों और विचारों ने भारत को नई दिशा दी है। उनके सपनों को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेज़ी से अग्रसर है। उनके मूल्यों को आत्मसात कर हम सभी को राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।” इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, और विधायक राजेश मूणत सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

























