Skip to content

मुख्यमंत्री ने किया जिले के 10 नवीन सहकारी समितियों का वर्चुअल शुभारंभ, किसानों को मिली बड़ी राहत

नवीन सहकारी
  • खाद-बीज, ऋण और धान खरीदी अब होगी और अधिक सुगम

रायगढ़, 15 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर से प्रदेश की नवगठित 515 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ किया। जिसमें रायगढ़ जिले की 10 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां चितवाही, तिउर, पोड़ीछाल, लिप्ति, हाटी, दुर्गापुर, ससकोबा, घटगांव, खुरूषलेंगा और मुनुन्द भी शामिल है। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक और सहकारिता के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा दे रही है, ताकि गांव और किसान समृद्ध बन सकें। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप भी उपस्थित रहे।

उप आयुक्त सहकारिता रायगढ़ ने बताया कि शुभारंभ अवसर पर सभी नवीन सहकारी समितियोें में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इन समितियों के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता सेवाओं का विस्तार होगा और किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। नवगठित समितियों के माध्यम से किसानों को अब खाद-बीज और ऋण के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

साथ ही धान खरीदी केंद्रों की निकटता से परिवहन खर्च में कमी आएगी और उपार्जन प्रक्रिया अधिक सरल एवं त्वरित होगी। समितियों के विकेंद्रीकरण से ऋण वितरण प्रणाली में भी पारदर्शिता और तेजी आएगी। वहीं किसानों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शासन के इस निर्णय को खेती-किसानी के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे कृषि कार्यों में सुविधा बढ़ेगी और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। जिले की सभी नवीन समितियों में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: